Sports

BCCI के नमन अवॉर्ड्स 2026 में गिल व मंधाना का जलवा…रेड कार्पेट पर सितारों ने लूटी महफ़िल

द्रविड़, बिन्नी और मिताली को लाइफटाइम अचीवमेंट मिला, विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीमों का भी हुआ सम्मान

स्पोर्ट्स डेस्क, 16 मार्च 2026:

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दिल्ली में आयोजित नमन अवॉर्ड्स 2026 समारोह में क्रिकेट जगत के कई सितारों को सम्मानित किया। इस मौके पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों से लेकर दिग्गज पूर्व क्रिकेटरों तक को मंच पर सम्मान मिला। इस दौरान रेड कार्पेट पर भी क्रिकेट सितारों का स्टाइलिश अंदाज दिखा।

भारतीय टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का प्रतिष्ठित पॉली उमरीगर क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड दिया गया। वहीं महिला क्रिकेट में स्मृति मंधाना को सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया। मंधाना को यह सम्मान पांचवीं बार मिला है।

WhatsApp Image 2026-03-16 at 11.59.55 AM

शुभमन गिल ने यह अवॉर्ड दूसरी बार जीता है। इससे पहले उन्हें 2023 में भी यह सम्मान मिल चुका है। दूसरी बार यह खिताब जीतने के साथ गिल ने सचिन तेंदुलकर और रविचंद्रन अश्विन की बराबरी कर ली है, जिन्होंने भी दो-दो बार यह अवॉर्ड अपने नाम किया है।

दिग्गजों को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान
समारोह में भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों को भी खास सम्मान दिया गया। रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को कर्नल सी.के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया। महिला क्रिकेट में यह सम्मान मिताली राज को दिया गया। भारतीय महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान मिला।

रेड कार्पेट पर भी दिखा क्रिकेट सितारों का अंदाज
नमन अवॉर्ड्स समारोह सिर्फ सम्मान तक सीमित नहीं रहा। रेड कार्पेट पर भी क्रिकेट सितारों का खास अंदाज देखने को मिला। भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना और ऑलराउंडर हरलीन देओल समेत कई खिलाड़ी आकर्षक अंदाज में नजर आए। खिलाड़ियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुईं।

WhatsApp Image 2026-03-16 at 11.59.55 AM (1)

घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी मंच पर सम्मान दिया गया। अंडर-19 विश्व कप में टीम को जीत दिलाने वाले मुंबई के आयुष म्हात्रे को सीमित ओवर घरेलू टूर्नामेंट में बेहतरीन ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ अवॉर्ड दिया गया। वहीं विदर्भ के हर्ष दुबे को रणजी ट्रॉफी 2024-25 सीजन में शानदार प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना गया।

इस मौके पर उन भारतीय टीमों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने हाल के वर्षों में आईसीसी टूर्नामेंट जीते हैं। इनमें सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम भी शामिल रही। इसके अलावा महिला विश्व कप 2025 विजेता टीम, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 विजेता टीम, अंडर-19 विश्व कप 2026 विजेता टीम और महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप 2025 जीतने वाली भारतीय टीम को भी मंच पर सम्मान मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button