Lucknow City

गोमतीनगर: दोस्त की बेटी की शादी में लगी गोली… एलडीए के ड्राइवर की मौत

गोमतीनगर के विराटखण्ड में हुई हर्ष फायरिंग की घटना, अलीगंज निवासी सुनील यादव को पैर में लगी गोली, परिवार शोक में डूबा

लखनऊ, 21 फरवरी 2026:

गोमतीनगर इलाके में शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में चली गोली ने अलीगंज निवासी 49 वर्षीय सुनील यादव की जान ले ली। वह अलीगंज के रहने वाले थे। बताया गया कि पेशे से टैक्सी चलाने वाले सुनील एलडीए में कॉन्ट्रैक्ट पर ड्राइवर का काम करते थे।

शुक्रवार रात विराटखण्ड गोमतीनगर में रामकिशोर दुबे के बेटी का शादी समारोह सामुदायिक केंद्र में चल रहा था। अलीगंज के सुनील यादव अपने दोस्त के यहां शादी में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान बारात में किसी ने हर्ष फायरिंग कर दी और एक गोली उनके पैर में जा लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर बाद सुनील लंगड़ाते हुए अंदर की ओर आए। उनके पैर से लगातार खून बह रहा था और वह वहीं गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। मैक्स अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के बेटे नमन यादव ने बताया कि रात करीब 11:45 बजे सूचना मिली कि पिता घायल हो गए हैं। अस्पताल पहुंचने पर इलाज चलने की बात पता चली, लेकिन थोड़ी देर बाद उनकी मौत की खबर मिल गई। परिवार में पत्नी सुमन यादव और बेटी नयन यादव हैं। घटना के बाद से घर में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि शादी में शामिल शाश्वत सिंह नाम के युवक ने हर्ष फायरिंग की थी। गोली चलाने के बाद वह मौके से फरार हो गया। इंस्पेक्टर गोमतीनगर बृजेश तिवारी के अनुसार अभी लिखित तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button