लखनऊ, 6 दिसंबर 2025:
यूपी की राजधानी में अपना आशियाना बनाने का सपना देखने वालों के लिए अवसर आने वाले हैं। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) आने वाले दिनों में कई नई आवासीय योजनाएं और अपार्टमेंट लॉन्च करने जा रहा है। एक खास परियोजना गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में प्रस्तावित है। यहां पुलिस मुख्यालय के पास अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई लगभग 43 एकड़ जमीन पर आधुनिक ग्रुप हाउसिंग अपार्टमेंट बनाए जाएंगे। इस पूरे प्रस्ताव को LDA बोर्ड ने मंजूरी दे दी है।
LDA अधिकारियों के अनुसार इस जमीन को 11 ग्रुप हाउसिंग भूखंडों में विभाजित किया गया है। उन पर बहुमंजिला फ्लैटों का निर्माण होगा। इसके साथ ही यूपी टाउनशिप नीति 2023 के तहत सात निजी बिल्डरों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) भी पास की गई हैं। इन बिल्डरों में दुर्गा ग्रींस इंफ्राटेक, बाबा इंफ्रा डेवलपर्स, अविचल इंफ्रा बिल्ड, एसमैप बिल्डर्स एंड डेवलपर्स (दो परियोजनाएं), ओमेक्स लिमिटेड और नीलेंद्राज कंस्ट्रक्शन शामिल हैं। अधिकांश नई टाउनशिप मोहनलालगंज क्षेत्र में विकसित की जाएंगी।
LDA के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा के मुताबिक एडमायर इंफ्रावेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड (मिग्सन ग्रुप) द्वारा हसनपुर खेवली गांव में प्रस्तावित आवासीय योजना में सरकारी जमीन भी शामिल है। इस जमीन के पुनर्ग्रहण से जुड़ा प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। इसी तरह अंसल गोल्फ सिटी के भीतर ग्रामीण आबादी की जमीन पर मानचित्र पास करने का मामला भी शासन की अनुमति के बाद आगे बढ़ेगा।
शहर में अवैध कब्जों पर कार्रवाई के दौरान तालकटोरा क्षेत्र के नंदाखेड़ा, RDSO कॉलोनी और रिफा-ए-आम मैदान में लगभग 150 अवैध रूप से रह रहे लोगों को हटाया गया है। इन्हें अब पीएम आवास योजना के तहत पुनर्वासित किया जाएगा।
LDA सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि भवन निर्माण उपविधि 2025 को लेकर चल रहा भ्रम दूर कर दिया गया है। अब सभी कॉलोनियों में केवल एक रुपये की पंजीकरण फीस देकर मकानों के मानचित्र पास कराए जा सकेंगे।
नई राहत : अनुरक्षण शुल्क अब केवल आवंटन तिथि से
बीते एक वर्ष से LDA द्वारा नए खरीदारों से 3-4 वर्ष पुराने अनुरक्षण शुल्क की वसूली को लेकर विवाद चल रहा था। खरीदारों का तर्क था कि 2025 में आवंटन होने के बावजूद 2022 से शुल्क क्यों लगाया जा रहा है। अब LDA ने स्पष्ट किया है कि शुल्क केवल आवंटन की तारीख से ही लिया जाएगा। पुराना शुल्क फ्लैट की कीमत में समायोजित किया जाएगा।
सहारा बाजार के दुकानदारों को विनयखंड में दी जाएंगी दुकानें
गोमतीनगर स्थित सहारा बाजार कॉम्प्लेक्स की लीज निरस्त करने के बाद LDA ने परिसर को अपने कब्जे में ले लिया है। इससे कॉम्प्लेक्स के लगभग 20 दुकानदार अदालत चले गए थे लेकिन LDA इन्हें विस्थापित कर गोमतीनगर के विनयखंड स्थित अपने कॉम्प्लेक्स में दुकानें उपलब्ध कराएगा। विवाद समाप्त होने के बाद सहारा बाजार कॉम्प्लेक्स की नीलामी की जाएगी।






