Lucknow City

राजकीय पॉलीटेक्निक के दीक्षांत समारोह में 581 छात्रों को मिला डिप्लोमा, डॉ. हीरा लाल ने युवाओं को दिया ये संदेश

राजकीय पॉलीटेक्निक लखनऊ में भव्य पंचम दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ, जिसमें 581 छात्रों को डिप्लोमा और 30 को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। डॉ. हीरा लाल ने छात्रों को स्टार्टअप और नवाचार पर ध्यान देने का प्रेरक संदेश दिया

लखनऊ, 24 जनवरी 2026:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राजकीय पॉलीटेक्निक में आज पंचम दीक्षांत समारोह गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. हीरा लाल (आईएएस), सचिव, राष्ट्रीय एकीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश, रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना का आनंद लिया। समारोह के दौरान संस्थान के विभिन्न विभागों द्वारा तैयार किए गए 19 तकनीकी मॉडलों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और नवाचार की सराहना की।

581 छात्रों को डिप्लोमा, 347 को NEP प्रमाण पत्र

दीक्षांत समारोह में कुल 581 विद्यार्थियों को डिप्लोमा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) के अंतर्गत 347 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर हिंडालको इंडस्ट्रीज में कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से चयनित 30 छात्रों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए।

4fc6a627-a82e-44cc-ab7b-387cbbbcdbd5

सफल छात्र टीमों का सम्मान

दीक्षांत समारोह में मॉडल प्रदर्शनी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्र टीमों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य एस. एन. सिंह ने राजकीय पॉलीटेक्निक की शैक्षणिक और संस्थागत उपलब्धियों पर आधारित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

मुख्य अतिथि का प्रेरक संबोधन

मुख्य अतिथि डॉ. हीरा लाल ने छात्रों को दीक्षांत शपथ दिलाई और युवाओं को कहा, “तैयारी और निरंतर अभ्यास से असफलता की संभावना स्वतः कम हो जाती है। नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें और डिप्लोमा पूरा करने के बाद स्टार्टअप और नवाचार पर ध्यान दें।” उन्होंने टीम भावना को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि टीम के साथ मिलकर ही निरंतर प्रगति संभव है।

उपस्थित शिक्षक और विद्यार्थी

कार्यक्रम का संचालन डॉ. नीरज कुमार, लेक्चरर (मास कम्युनिकेशन) ने किया। समारोह में विभागाध्यक्ष प्रदीप कुमार, इंद्रजीत सचान, आनंद कुमार, निशा यादव, विपिन कुमार, प्रियंका श्रीवास्तव सहित संस्थान के सभी शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button