लखनऊ, 27 मार्च 2026:
स्पेशल टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 साल से फरार चल रहे इनामी आरोपी शैलेन्द्र कुमार सिंह उर्फ राजू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह गुजरात के सूरत में दर्ज डकैती के केस में वांछित था।
एसटीएफ को गुजरात पुलिस की टीम से इनपुट मिला था कि आरोपी लखनऊ में छिपकर रह रहा है। इसके बाद टीम को अलर्ट किया गया और संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई गई। गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन योजना सेक्टर 9 में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार शैलेन्द्र कुमार सिंह जौनपुर के बदलापुर थाना क्षेत्र के खजुरन गांव का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि साल 2009 में वह काम की तलाश में गुजरात गया था। वहां चार साथियों के साथ मिलकर किराये के मकान में रहता था। साल 2010 में सभी ने मिलकर सूरत में डकैती की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद उसके साथी पकड़े गए, लेकिन वह बचकर मुंबई भाग गया। कुछ दिन वहां रहने के बाद जौनपुर लौटा और फिर पहचान छिपाकर लखनऊ में रहने लगा। आरोपी के खिलाफ सूरत के अलग-अलग थानों में डकैती और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल उसे सूरत ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।






