Uttarakhand

सीएम धामी का जीरो टॉलरेंस एक्शन… होमगार्ड वर्दी घोटाले में डिप्टी कमांडेंट को किया सस्पेंड, संयुक्त जांच के दिए आदेश

उत्तराखंड के होमगार्ड विभाग में वर्दी खरीद से जुड़े तीन करोड रुपये के कथित घोटाले में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने डिप्टी कमांडेंट अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर संयुक्त जांच समिति के गठन के आदेश दिए

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 24 जनवरी 2026:

उत्तराखंड के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी और अन्य सामग्री की खरीद को लेकर बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। आरोप है कि विभाग में लगभग एक करोड रुपये के सामान की खरीद तीन करोड रुपये में कराई गई। इस मामले में निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव पर गंभीर आरोप लगे हैं। प्रकरण सामने आने के बाद गृह विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

विभागीय जांच में पाई गई अनियमितता

महानिदेशक होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा देहरादून की ओर से शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई है। इससे पहले कमांडेंट जनरल होमगार्ड पीवीके प्रसाद ने विभागीय जांच कराई थी। जांच में वित्तीय गड़बड़ियों की पुष्टि होने के बाद अमिताभ श्रीवास्तव को सेवा से हटाने और उनसे दो करोड रुपये की रिकवरी की संस्तुति शासन को भेजी गई थी। साथ ही उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराने की भी सिफारिश की गई।

सीएम धामी का सख्त फैसला

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निदेशक होमगार्ड्स यानी डिप्टी कमांडेंट अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़ा है।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ शब्दों में कहा है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता या गलत आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button