Lucknow City

होटल में सिक्योरिटी गार्ड की संदिग्ध दशा में मौत… हत्या का शक, मैनेजर समेत तीन हिरासत में

घर से ड्यूटी करने गया था होटल, आधी रात तबियत बिगड़ने की बात पर परिजनों को बाहर पड़ा मिला, पास में हॉस्पिटल तक नही आए होटल के जिम्मेदार लोग, हत्या का शक जताते हुए पुलिस को दी गई तहरीर

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 15 फरवरी 2026:

कस्बा स्थित अंतरास होटल में तैनात सिक्योरिटी गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने होटल प्रबंधन और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मैनेजर समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के फत्तेखेड़ा गांव निवासी 40 वर्षीय हरिश्चंद्र उर्फ रिंकू यादव अंतरास होटल में गार्ड की नौकरी करते थे। परिवार के अनुसार वह शनिवार शाम करीब सात बजे ड्यूटी पर गए थे। रात करीब दो बजे होटल कर्मचारियों ने फोन कर बताया कि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई है। सूचना मिलते ही परिजन होटल पहुंचे तो रिंकू होटल के बाहर पड़े मिले। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि होटल प्रबंधन की लापरवाही के कारण रिंकू की जान गई। उनका कहना है कि अगर समय रहते इलाज कराया जाता तो शायद उन्हें बचाया जा सकता था। परिवार का यह भी आरोप है कि होटल के जिम्मेदार लोग अस्पताल तक नहीं पहुंचे और बीमार हालत में उन्हें बाहर छोड़ दिया गया। इस पूरे मामले को लेकर परिजनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है।

रविवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, जहां अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और मैनेजर समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।

स्थानीय लोगों ने होटल की गतिविधियों पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यहां बाहर से आने वाले लोगों का आना-जाना ज्यादा रहता था और कई बार नशे में लोग गार्ड से बदसलूकी करते थे। शिकायत के बावजूद प्रबंधन कोई ठोस कदम नहीं उठाता था। अस्पताल में मौजूद कुछ लोगों द्वारा मृतक के नशा करने की बात उठाए जाने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि अगर ऐसी बात थी तो होटल प्रबंधन ने पहले कार्रवाई क्यों नहीं की। मोहनलालगंज पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button