Lucknow CityUttar Pradesh

लखनऊ में बसपा MLA उमाशंकर सिंह के घर आयकर का छापा… सियासी गलियारों में हलचल तेज

गोमतीनगर के विपुलखंड स्थित आवास को सुबह दर्जनों अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस के साथ घेरा, वहां मौजूद फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य रिकॉर्ड खंगाले, गए, कंस्ट्रक्शन कंपनी भी चलाते हैं विधायक

लखनऊ, 25 फरवरी 2026:

यूपी में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ में गोमतीनगर के विपुल खंड स्थित आवास पर बुधवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। दर्जनों अधिकारी गाड़ियों से पहुंचे और स्थानीय पुलिस के साथ पूरे परिसर को घेर लिया। कार्रवाई के दौरान घर के भीतर मौजूद फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य रिकॉर्ड खंगाले गए। किसी के भी अंदर-बाहर जाने पर रोक लगा दी। इससे इलाके में कौतूहल और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

सूत्रों के मुताबिक आयकर की यह कार्रवाई वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच के तहत की जा रही है। हालांकि विभाग की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जिस आवास पर कार्रवाई हुई वहां पर विधायक का दफ्तर भी बताया जाता है।

बताया जा रहा है कि विधायक फिलहाल इलाज के सिलसिले में अपने लखनऊ वाले घर पर आइसोलेशन में रह रहे हैं। उनकी तबीयत हाल में बिगड़ी थी और पिछले महीने वे अमेरिका से उपचार कराकर लौटे हैं। ऐसे में घर पर हुई कार्रवाई ने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को भी चौंका दिया।

राजनीतिक लिहाज से यह घटनाक्रम अहम माना जा रहा है क्योंकि यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। बहुजन समाज पार्टी के भीतर विधायक उमाशंकर सिंह की पकड़ मजबूत मानी जाती है। वे रसड़ा विधानसभा का प्रतिनिधित्व करते हैं। 2022 के चुनावी रिकॉर्ड के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति 54.05 करोड़ रुपये बताई गई है। इसमें 18.05 करोड़ चल और 35.99 करोड़ अचल संपत्ति शामिल है। इसके साथ ही 13 करोड़ रुपये का कर्ज भी दर्ज है।

WhatsApp Image 2026-02-25 at 1.23.53 PM

परिवारिक व्यवसाय की बात करें तो उनकी पत्नी सीएस इन्फ्रा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। छापेमारी की खबर फैलते ही राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी तेज हो गई है। अब सबकी नजर आयकर विभाग की आधिकारिक पुष्टि और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button