सिंगापुर/लखनऊ, 23 फरवरी 2026:
सिंगापुर पहुंचे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने वैश्विक निवेशकों के साथ अहम बैठकें कर राज्य के लिए नए निवेश द्वार खोल दिए। इस दौरान उन्होंने सिंगापुर की अग्रणी निवेश कंपनी Temasek Holdings के चेयरमैन Teo Chee Hean और उनकी टीम से मुलाकात की। बातचीत में यूपी में अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, वेयरहाउसिंग और फिनटेक आधारित शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में दीर्घकालिक साझेदारी की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में टेमासेक के वैश्विक निवेश पोर्टफोलियो के अनुभव साझा किए गए और प्रदेश में निवेश के ठोस अवसरों पर फोकस रखा गया। इस क्रम में टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी Manipal Hospitals द्वारा गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये के निवेश की जानकारी दी गई। वहीं, Ascendas के जरिए राज्य में लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विकास के लिए करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश की रूपरेखा सामने आई। इन पहलों से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता बढ़ने के साथ औद्योगिक अवसंरचना को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

दोनों पक्षों ने डेटा सेंटर और कौशल विकास जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को उत्तर प्रदेश की मजबूत कानून-व्यवस्था, विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी, विस्तारित एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर नीति और तेजी से उभरते लॉजिस्टिक्स हब की जानकारी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के तहत पारदर्शी, त्वरित और निवेशक-अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रही है।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और सरकार निवेशकों के साथ दीर्घकालिक, भरोसेमंद साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरे को प्रदेश में विदेशी निवेश के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इन बैठकों से रोजगार सृजन, तकनीकी क्षमता विस्तार और ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर प्रदेश को नई गति मिलेगी।







