National

निवेश के नाम पर घपला : ज्यादा ब्याज का झांसा देकर ठगे सात करोड़…दो शातिर दबोचे

देवभूमि सहकारिता संस्था के नाम पर किया गया फर्जीवाड़ा, 6.80 करोड़ की रकम खातों में फ्रीज

योगेंद्र मलिक

नैनीताल, 5 फरवरी 2026:

नैनीताल पुलिस ने निवेश ठगी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। देवभूमि बहुद्देश्यीय स्वायत्त सहकारिता संस्था के नाम पर लोगों को ऊंचा ब्याज देने का झांसा देकर करीब सात करोड़ रुपये की ठगी की गई थी।

पुलिस ने इस मामले में हल्द्वानी निवासी हेम पंत और विकास दुर्गापाल को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के बैंक खातों से अब तक 6 करोड़ 80 लाख रुपये की रकम बरामद की जा चुकी है। जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को सहकारिता संस्था का संचालक बताकर लोगों का भरोसा जीतते थे। फर्जी दस्तावेजों और आकर्षक निवेश योजनाओं के जरिए गारंटीड रिटर्न का वादा किया जाता था। इसी लालच में कई लोगों ने अपनी जमा पूंजी इन योजनाओं में लगा दी।

बता दें कि इस मामले में रामनगर और कोतवाली क्षेत्र में मुकदमे दर्ज किए गए थे। ठगी के शिकार लोगों की शिकायत पर मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की, जिसके बाद दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी अपनी शाखाएं खोल चुका था।

पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस अब आरोपियों की चल और अचल संपत्तियों की जांच कर रही है। साथ ही अवैध संपत्तियों की कुर्की और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं और बैंक खातों की भी गहराई से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button