स्पोर्ट्स डेस्क, 3 अप्रैल 2026:
आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरकार जीत का खाता खोल लिया। ईडेन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रन से हराकर दमदार वापसी की। इससे पहले टीम को पहले मैच में हार झेलनी पड़ी थी। इधर आज शुक्रवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में 226 रन बनाए। शुरुआत से ही टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने महज 5.4 ओवर में 82 रन जोड़कर मैच का रुख तय कर दिया। हेड ने 21 गेंद में 46 रन ठोके, जबकि अभिषेक ने 21 गेंद पर 48 रन की तेज पारी खेली।
तेज शुरुआत के बाद कुछ विकेट जल्दी गिरे और स्कोर 118 पर चार हो गया। यहां से हेनरिक क्लासेन और नितीश रेड्डी ने पारी संभाली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 82 रन जोड़े। क्लासेन ने 52 रन बनाए, जबकि रेड्डी ने 39 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत भी तेज रही। फिन एलन ने सिर्फ सात गेंद में 28 रन ठोक दिए, लेकिन उनके आउट होते ही टीम लड़खड़ा गई। कप्तान अजिंक्य रहाणे ज्यादा देर टिक नहीं सके।
अंगकृष रघुवंशी ने एक छोर संभाले रखा और 29 गेंद में 52 रन बनाए। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा। रिंकू सिंह ने भी 35 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज साथ नहीं दे सके और पूरी टीम 16 ओवर में 161 रन पर सिमट गई।
गेंदबाजी में हैदराबाद के जयदेव उनादकट ने तीन विकेट लिए। ईशान मलिंगा और नितीश रेड्डी को दो-दो सफलता मिली। एक विकेट हर्ष दुबे के खाते में गया। इस हार के साथ कोलकाता की टीम लगातार दूसरा मैच हार गई। 2012 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब टीम ने सीजन के शुरुआती दोनों मुकाबले गंवाए हैं।






