लखनऊ, 1 अप्रैल 2026:
क्रिकेट प्रेमियों के लिए लखनऊ मेट्रो ने एक बार फिर खास पहल करते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दौरान अपनी सेवाओं को आधी रात तक बढ़ाने का फैसला किया है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मैचों के दिन अब दर्शक बिना किसी चिंता के मैच का आनंद ले सकेंगे। उनकी सुविधा के लिए मेट्रो सेवाएं रात 12:30 बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
लखनऊ में आज इस सीजन का पहला मैच है। शाम 7:30 बजे से शुरू होने वाले मैच को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे दर्शकों को देर रात घर लौटने में किसी तरह की परेशानी न होगी। लखनऊ में आज के बाद 22 और 26 अप्रैल के साथ 7, 15 और 23 मई को होने वाले मैचों के दौरान भी यह सुविधा लागू रहेगी।
यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए इंदिरानगर और ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशनों से इकाना स्टेडियम तक फीडर बस सेवाएं भी चलाई जाएंगी। ये बसें दोपहर 3 बजे से हर 15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी और मैच खत्म होने के बाद भी दर्शकों को स्टेशनों तक पहुंचाने का काम करेंगी।
गौरतलब है कि लखनऊ मेट्रो लगातार चौथे वर्ष IPL के दौरान क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह विशेष सुविधा प्रदान कर रही है। इस बार भी उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के आधिकारिक कनेक्टिविटी पार्टनर के रूप में जुड़ा हुआ है। UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि मेट्रो का उद्देश्य केवल यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाना नहीं अपितु उन्हें सुरक्षित, आरामदायक और यादगार यात्रा अनुभव देना है।






