स्पोर्ट्स डेस्क, 18 मार्च 2026:
IPL की ब्रांड वैल्यू लगातार ऊपर जा रही है। दुनिया भर के निवेशक इस लीग में पैसा लगाने के लिए तैयार हैं। इस बीच Royal Challengers Bengaluru (आरसीबी) की बिक्री अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। जानकारी के मुताबिक रेस में अब सिर्फ दो बड़े दावेदार बचे हैं और बोली 2 अरब डॉलर यानी करीब 18 हजार करोड़ रुपये के आसपास पहुंच चुकी है। अगर यह डील पूरी होती है तो यह आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी बिक्री में शामिल होगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एक तरफ स्वीडन की प्राइवेट इक्विटी फर्म EQT है, तो दूसरी तरफ एक बड़ा कंसोर्टियम मैदान में है। इस कंसोर्टियम में रंजन पाई, केकेआर और टेमासेक जैसे नाम जुड़े बताए जा रहे हैं। पहले इस रेस में ग्लेजर फैमिली और आदार पूनावाला भी शामिल थे, लेकिन अब वे पीछे हट चुके हैं।
सूत्र बताते हैं कि मौजूदा मालिक कंपनी डियाजियो ने 31 मार्च तक डील फाइनल करने की समयसीमा तय की है। पहले करीब 1.8 अरब डॉलर की बोली लगी थी, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर करीब 2 अरब डॉलर तक पहुंचा दिया गया। अब मुकाबला सीधे दो पक्षों के बीच रह गया है।
उधर Rajasthan Royals को लेकर भी हलचल तेज है। इस टीम में हिस्सेदारी खरीदने के लिए कई निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई है। बताया जा रहा है कि तीन पक्षों ने बाइंडिंग बोली लगाई है, जिसमें आदित्य बिड़ला ग्रुप आगे दिख रहा है। टीम की वैल्यू 1.1 से 1.35 अरब डॉलर के बीच आंकी जा रही है।
इस डील को रायने ग्रुप संभाल रहा है, जो पहले ‘द हंड्रेड’ लीग की फ्रेंचाइजी बिक्री भी देख चुका है। खबर है कि आदित्य बिड़ला ग्रुप ने अमेरिकी निवेशक डेविड ब्लितजर के साथ मिलकर बोली लगाई है। यहां भी 31 मार्च की डेडलाइन तय मानी जा रही है।






