स्पोर्ट्स डेस्क, 12 अप्रैल 2026:
चेन्नई में खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हराकर आखिरकार इस सीजन की पहली जीत दर्ज कर ली। लगातार छह हार के बाद चेपॉक में टीम ने वापसी की और अपने घरेलू मैदान पर दम दिखाया। इस हार के साथ दिल्ली की टीम को लगातार दूसरा झटका लगा। रविवार को डबल हेडर के मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच राजधानी लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और गुजरात टाइटन्स के बीच होगा। दूसरा मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस व रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होगा।
चेन्नई के चेपाक स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में 212 रन बनाए। टीम की शुरुआत ठीक रही और ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन ने मिलकर 62 रन जोड़े। ऋतुराज जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद सैमसन ने पारी संभाल ली।

आयुष म्हात्रे के साथ उनकी 113 रन की साझेदारी ने मैच का रुख तय कर दिया। आयुष 59 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए, जबकि सैमसन ने 56 गेंदों में 115 रन की नाबाद पारी खेली। उनकी पारी में चौकों और छक्कों की भरमार रही। आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने तेजी से रन जोड़े।
213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत तेज रही। केएल राहुल और पाथुम निसांका ने तेजी से रन बटोरे और टीम को मजबूत शुरुआत दी। लेकिन जैसे ही पहला विकेट गिरा, पारी लड़खड़ा गई। निसांका 41 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके।
मिडिल ऑर्डर में ट्रिस्टन स्टब्स ने जरूर संघर्ष किया और 60 रन की पारी खेली, लेकिन उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। अक्षर पटेल, डेविड मिलर और बाकी बल्लेबाज जल्दी आउट होते चले गए। पूरी टीम 189 रन पर सिमट गई।

गेंदबाजी में जेमी ओवरटन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट लिए। अंशुल कंबोज ने तीन विकेट झटके और दिल्ली की पारी को संभलने नहीं दिया। इस जीत के बाद चेन्नई अंक तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि दिल्ली चौथे पायदान पर बनी हुई है।






