पंकज
काकोरी (लखनऊ), 29 जनवरी 2026:
काकोरी के बहरू गांव में बुधवार देर रात डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को किसी अराजक तत्व ने क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ते ही आक्रोश फैल गया। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ प्रतिमा नहीं, बल्कि उनके स्वाभिमान और आस्था पर किया गया हमला है। जानकारी मिलते ही पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर अपनी पत्नी एवं मलिहाबाद विधायक जय देवी कौशल समेत कई दलों के नेता व भारी संख्या में ग्रामीण नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। पुलिस आश्वासन देकर मामला शांत कराने में जुटी है।

बहरू गांव के ग्रामीणों का कहना है कि बाबा साहब की प्रतिमा उनके अधिकारों, सम्मान और संघर्ष की प्रतीक है। उसके साथ की गई तोड़फोड़ ने पूरे गांव के दिल को आहत किया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रतिमा की मरम्मत नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। सभी ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही मंदिर परिसर के चारों ओर बाउंड्री वॉल निर्माण, साफ-सफाई और पास में स्थित देसी शराब के ठेके को हटाने की मांग भी जोर-शोर से उठाई।
धरना प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर विधायक जयदेवी के साथ अनुसूचित जाति के उपाध्यक्ष विकास किशोर आशू सपा जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र कुमार गुड्डू, बसपा नेता सत्य कुमार गौतम,सपा नेत्री विजय श्री गौतम सपा नेता सीएल वर्मा आज़ाद समाज पार्टी के लखनऊ जिला अध्यक्ष अजय भारती, मलिहाबाद विधानसभा संयोजक आलोक कुमार वर्मा समेत कई नेता मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए।

मौके पर उप जिलाधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह, एसीपी काकोरी शकील अहमद, काकोरी इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर समेत दुबग्गा, तालकटोरा, नाका, पारा, ठाकुरगंज और काकोरी थानों का भारी पुलिस बल व पीएसी तैनात की गई है। पुलिस अधिकारियों ने हालात को संभालते हुए ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही दोषियों को पकड़कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी शकील अहमद ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।






