Lucknow City

कौशल किशोर ने उठाए UPPCL की वर्टिकल व्यवस्था पर सवाल, कहा…ये जनहित में ठीक नहीं

सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा- नई व्यवस्था से उपभोक्ता व विद्युतकर्मी दोनों परेशान, इसे तत्काल समाप्त होना चाहिए

प्रमोद कुमार

मलिहाबाद (लखनऊ), 4 अप्रैल 2026:

प्रदेश के पावर कॉर्पोरेशन की वर्टिकल व्यवस्था विभाग और उपभोक्ता दोनों को रास नहीं आ रही है। इस पर सत्ताधारी दल के नेता भी सवाल उठा रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और भाजपा नेता कौशल किशोर ने उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड की वर्टिकल व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से न सिर्फ बिजली विभाग के कर्मचारी और इंजीनियर परेशान हैं, बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी दिक्कत झेलनी पड़ रही है।

शनिवार को पूर्व मंत्री कौशल किशोर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें उन्होंने साफ कहा कि व्यवस्था लागू करते वक्त दावा किया गया था कि इससे खर्च कम होगा और कामकाज बेहतर होगा, लेकिन जमीनी हालात इसके उलट नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि नई प्रणाली से बिजली व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कौशल किशोर ने सरकार से अपील की है कि जनहित को देखते हुए इस व्यवस्था को तुरंत खत्म किया जाए, ताकि कर्मचारियों और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

दरअसल, UPPCL ने कुछ समय पहले कामकाज में बदलाव के नाम पर वर्टिकल व्यवस्था लागू की थी। इसके तहत अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारियों का पुनर्गठन किया गया। फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों और इंजीनियरों का कहना है कि इससे काम का दबाव बढ़ा है और समन्वय में दिक्कत आ रही है।

बता दें कि इस व्यवस्था को लेकर कर्मचारी संगठनों ने भी पहले विरोध दर्ज कराया है। कई बार इसे वापस लेने की मांग उठ चुकी है। विभाग के भीतर भी शिकायतें सामने आती रही हैं। बता दें कि पूर्व मंत्री कौशल किशोर पहले भी बिजली विभाग से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं। कर्मचारी संगठनों के साथ बैठकों में हिस्सा लेकर उन्होंने कई बार समस्याएं उठाई हैं। अब इस मुद्दे को उन्होंने खुले तौर पर सामने लाकर एक बार फिर बहस तेज कर दी है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button