Uttarakhand

विंटर कार्निवाल : खटीमा पहुंचे सीएम धामी, कहा… संस्कृति और विकास साथ साथ चलेंगे

युवाओं की भागीदारी से शुरू हुआ नया सांस्कृतिक मंच, शिक्षा, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर पर रखी बात

योगेंद्र मलिक

उधम सिंह नगर, 8 फरवरी 2026:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित हेमवंती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संघ के विंटर कार्निवाल में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और छात्र संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र संघ द्वारा पहली बार विंटर कार्निवाल के तहत भजन क्लंबिंग जैसे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आयोजन की शुरुआत सराहनीय पहल है। ऐसे कार्यक्रम यह दिखाते हैं कि आज का युवा आधुनिक सोच के साथ अपनी परंपरा और जड़ों से भी जुड़ा हुआ है। संगीत, भक्ति और संस्कृति के जरिए युवाओं को सकारात्मक राह दिखाना समय की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने खटीमा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि यहां केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, चकरपुर में आधुनिक खेल स्टेडियम, आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेज, 100 बेड का नया अस्पताल परिसर और विद्यार्थियों के लिए साथी केंद्र शुरू किया गया है। औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सिडकुल की स्थापना की गई है और खटीमा टनकपुर मार्ग पर भव्य सैन्य स्मारक का निर्माण भी जल्द शुरू होगा।

52b12c9e-5c71-40e4-bab9-c7a1c66b597d

उन्होंने बताया कि पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के निर्माण की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है। राजकीय महाविद्यालय खटीमा में एमकॉम और एमएससी की कक्षाएं शुरू की गई हैं, जबकि जनजाति बाहुल्य क्षेत्र में एकलव्य विद्यालय का संचालन भी प्रारंभ हो चुका है। जमरानी बांध परियोजना के दोबारा शुरू होने से तराई क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई की समस्या का समाधान होगा। इसके साथ ही एम्स के सैटेलाइट सेंटर और खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी से पूरे इलाके को नई रफ्तार मिलने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आज रोजगार सृजन के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। प्रतिव्यक्ति आय में कई गुना बढ़ोतरी हुई है, सड़कों का नेटवर्क दोगुना और बिजली उत्पादन चार गुना तक बढ़ा है। पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में रिवर्स पलायन हुआ है और बेरोजगारी दर में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

कानून व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में दंगा विरोधी और धर्मांतरण विरोधी कानूनों को सख्ती से लागू किया गया है। समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में परिश्रम चलता है, सिफारिश नहीं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर दीपक बाली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल समेत छात्र संघ के पदाधिकारी व तमाम छात्र मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button