लखनऊ, 10 फरवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का अभियान लगातार जारी है। इस क्रम में बड़ी कार्रवाई करते हुए एलडीए की प्रवर्तन टीम ने चिनहट क्षेत्र में लगभग 15 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ इंदिरा नगर के खुर्रमनगर इलाके में बन रहे दो अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग और बिना अनुमति निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया।

प्रवर्तन जोन-1 के अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि चिनहट के लोनापुर रोड पर साहिल जमाल खान, निशात फातिमा व अन्य द्वारा करीब 5 बीघा क्षेत्रफल में बिना लेआउट पास कराए अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह ग्राम भैसोरा में एसटीपी चौराहे के पास केडी वर्मा व अन्य द्वारा लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में अनधिकृत प्लाटिंग की जा रही थी। एलडीए से किसी भी तरह की स्वीकृति लिए बिना चल रहे इन दोनों प्रोजेक्ट्स को मौके पर पहुंची टीम ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
वहीं प्रवर्तन जोन-5 के तहत इंदिरा नगर के खुर्रमनगर स्थित पिकनिक स्पॉट रोड पर मोहम्मद कलीम द्वारा 300 वर्गमीटर और सचिन सिंह व अन्य द्वारा करीब 700 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। मानचित्र स्वीकृत न होने के कारण दोनों निर्माणों को सील कर दिया गया। एलडीए अधिकारियों ने साफ कहा है कि बिना अनुमति हो रहे निर्माणों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।







