Lucknow City

LDA का बुलडोजर एक्शन : 60 बीघा में फैली 10 अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, हजरतगंज में निर्माण सील

दुबग्गा के ग्राम मौरा व चिनहट के गोइला में की जा रही थी अवैध प्लॉटिंग, व्यावसायिक क्षेत्र हजरतगंज के बीएन रोड पर बिना नक्शा पास कराए हो रहा था निर्माण

लखनऊ, 22 फरवरी 2026:

यूपी की लखनऊ में अवैध प्लॉटिंग और बिना मानचित्र स्वीकृति के हो रहे व्यावसायिक निर्माण पर नकेल कसने की कार्रवाई तेज हो गई हैं। इस क्रम में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने चिनहट और दुबग्गा क्षेत्रों में अभियान चलाकर करीब 60 बीघा क्षेत्रफल में फैल रही 10 अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। वहीं, हजरतगंज के बीएन रोड पर इस्लामिया कॉलेज के पास बिना स्वीकृति के बनाए जा रहे व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया गया।

इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजर और नियम तोड़कर निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने अलग-अलग जोनों में समन्वित अभियान चलाया। प्रवर्तन जोन-7 के तहत दुबग्गा के ग्राम मौरा में करीब 25 बीघा में फैली चार अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। यहां कुछ लोगों द्वारा बिना किसी अनुमति के प्लॉट काटकर बिक्री की तैयारी की जा रही थी।

WhatsApp Image 2026-02-22 at 8.25.01 AM

दूसरी ओर प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने चिनहट के ग्राम-गोइला में लगभग 35 बीघा क्षेत्र में चल रही छह अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया। मौके पर सड़क, नाली और भूखंडों की रूपरेखा बनाकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा था। इसी कड़ी में शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र हजरतगंज के बीएन रोड पर लगभग 4500 वर्गफुट भूखंड पर बिना नक्शा पास कराए बन रहे निर्माण को सील कर दिया गया।

एलडीए के अधिकारियों ने साफ कहा कि नियमों की अनदेखी कर होने वाले निर्माण पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एलडीए ने लोगों से कहा है कि प्लॉट या संपत्ति खरीदने से पहले परियोजना की वैधानिक स्वीकृति अवश्य जांच लें। अवैध प्लॉटिंग में निवेश कानूनी जोखिम के साथ भविष्य में घर बनाने का सपना भी टूट सकता है।

WhatsApp Image 2026-02-22 at 8.25.00 AM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button