Lucknow City

एक से इश्क दूसरे से मुलाकातें…शक में डूबे प्रेमी व दोस्त ने मिलकर की नाबालिग छात्रा की हत्या

शव रेलवे ट्रैक पर फेंककर आत्महत्या दिखाने की कोशिश, पारा पुलिस ने खुलासा कर मुख्य आरोपी समेत चार को पकड़ा, टाटा सफारी बरामद

पंकज

काकोरी (लखनऊ), 26 जनवरी 2026:

पारा इलाके में प्रेम-प्रसंग, शक और अपमान की वजह से नाबालिग छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को सरोजनी नगर के पिपरसंड रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।

13 जनवरी से लापता थी छात्रा, मां ने दर्ज कराई थी शिकायत

मामले में 16 जनवरी को नरपतखेड़ा स्थित डूडा कॉलोनी निवासी पिंकी राय ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी 16 वर्षीय बेटी शीतल को 13 जनवरी को काकोरी के पठानखेड़ा गांव निवासी अंशू गौतम उर्फ लक्की बहला-फुसलाकर भगा ले गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।

WhatsApp Image 2026-01-26 at 6.28.08 PM

इंस्टाग्राम से दोस्ती, फिर रिश्ते में आया शक

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी अंशू गौतम उर्फ लक्की को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी छात्रा से बातचीत शुरू हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। इसी बीच छात्रा उसके दोस्त आशिक यादव से भी बात करने लगी। आरोप है कि इसे अपमान मानते हुए अंशू और आशिक ने छात्रा को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

WhatsApp Image 2026-01-26 at 6.28.09 PM

गाड़ी में बुलाकर पीटा, फिर गला दबाकर हत्या

पुलिस के मुताबिक साजिश के तहत अंशू और आशिक ने अपने साथियों रिशू यादव, वैभव सिंह राजपूत और दीपक के साथ टाटा सफारी से छात्रा को फोन कर बुलाया। आरोप है कि गाड़ी में बैठते ही उसके साथ मारपीट की गई और गला दबाकर हत्या कर दी गई।

रेलवे ट्रैक पर शव फेंक खुदकुशी दिखाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पिपरसंड रेलवे ट्रैक पर इस तरह रखा कि ट्रेन की चपेट में आने से सिर धड़ से अलग हो गया और मामला आत्महत्या जैसा दिखाई दे। पुलिस के अनुसार पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने अपने और छात्रा के मोबाइल फोन तोड़कर फेंक दिए।

WhatsApp Image 2026-01-26 at 6.28.10 PM

टाटा सफारी बरामद, चार जेल भेजे गए

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल टाटा सफारी गाड़ी बरामद कर ली है। मृतक किशोरी के परिजन गिरफ्तारी के बाद थाने पहुंच गए। यहां प्रदर्शन कर आरोपियों की फांसी की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत कराया। गिरफ्तार चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।

WhatsApp Image 2026-01-26 at 6.28.09 PM (1)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button