लखनऊ, 15 मार्च 2026:
राजधानी लखनऊ में एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत के बीच गैस की कालाबाजारी व धरपकड़ जारी है। जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मोहान रोड स्थित एक रिसॉर्ट में छापेमारी कर 88 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। यह रिसॉर्ट सपा नेता सुरेंद्र कुमार उर्फ सोनू कनौजिया का बताया जा रहा है, जबकि उनकी पत्नी मंजू कनौजिया असीम भारत गैस एजेंसी की प्रोपराइटर हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह के साथ टीम ने रिसॉर्ट पर दबिश दी। जांच के दौरान परिसर में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और रिफिलिंग किए जाने के संकेत मिले। मौके से 14.2 किलोग्राम के 65 खाली घरेलू सिलेंडर, नौ भरे सिलेंडर और पांच किलोग्राम वाले 14 छोटे सिलेंडर बरामद किए गए। इसके साथ ही एक बोलेरो मैक्सी ट्रक भी मिला, जिसका इस्तेमाल सिलेंडरों की ढुलाई में किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद लोग न तो गैस एजेंसी से जुड़े जरूरी दस्तावेज दिखा सके और न ही सिलेंडरों का कोई रिकॉर्ड पेश कर पाए। प्राथमिक जांच में बरामद सभी सिलेंडर अवैध पाए गए। टीम ने सिलेंडरों को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आपूर्ति विभाग की ओर से इस मामले में काकोरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एफआईआर में असीम भारत गैस एजेंसी की प्रोपराइटर मंजू कनौजिया, एजेंसी के मैनेजर मुन्ना उर्फ इक्तदा हुसैन, रिसॉर्ट मालिक सुरेंद्र कुमार उर्फ सोनू कनौजिया, बोलेरो मैक्सी ट्रक के मालिक जमील अहमद और साहिल को नामजद किया गया है। सभी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि अभिनंदन रिसॉर्ट से गैस एजेंसी का गोदाम करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद सिलेंडरों को नियमों के खिलाफ रिसॉर्ट परिसर में रखा गया था। प्रशासन को पहले से इस स्थान पर अवैध भंडारण और रिफिलिंग की शिकायत मिल रही थी, जिसके आधार पर छापेमारी की गई।
बताया जा रहा है कि असीम भारत गैस एजेंसी पहले किसी और के नाम थी और कुछ समय पहले ही इसे करीब 80 लाख रुपये में खरीदा गया था। इसके बाद एजेंसी मंजू कनौजिया के नाम पर संचालित की जा रही थी। जिलाधिकारी विशाख जी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।






