Lucknow City

LPG संकट : यूनिवर्सिटी गेट पर समाजवादी छात्र सभा का हंगामा… उपले बांटकर जताया विरोध

समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारियों ने कहा ये कैसे अच्छे दिन कि सिलेंडर नहीं मिल रहे, उपले ले लो के नारे गूंजे, छात्रों व पुलिस में धक्का-मुक्की, प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया

लखनऊ, 17 मार्च 2026:

लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट पर मंगलवार को गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर समाजवादी छात्र सभा ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए लकड़ी और उपले बांटे। इस दौरान पुलिस से उनकी तीखी नोकझोंक हुई और माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को पकड़कर गाड़ी में बैठाया और उन्हें हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया। इस बीच छात्र नारे लगाते रहे और उपले ले लो, उपले ले लो कहकर विरोध दर्ज कराते रहे। प्रदर्शन में शामिल छात्र नेताओं ने कहा कि गैस की कीमत और किल्लत से आम लोग परेशान हैं, लेकिन सबसे ज्यादा दिक्कत छात्रों को हो रही है। उनका कहना था कि हॉस्टल और किराए के कमरों में रहने वाले छात्र पहले ही सीमित संसाधनों में गुजर-बसर करते हैं, ऐसे में गैस न मिलना बड़ी समस्या बन गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को आम जनता की परेशानी से कोई मतलब नहीं है। इसी वजह से विरोध के तौर पर वे लकड़ी और उपले मुफ्त में बांट रहे हैं, ताकि लोग किसी तरह खाना बना सकें।हालात ऐसे हो गए हैं कि कई जगह सामूहिक रसोई तक प्रभावित हो रही है। ऐसे में वे सरकार का ध्यान खींचने के लिए यह विरोध कर रहे हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस ने उपले बांटने से रोकते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने वहां मौजूद उपलों को भी अपने कब्जे में ले लिया। छात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की और जबरन सामान छीना। वहीं पुलिस की तरफ से स्थिति को नियंत्रण में रखने की बात कही गई।

WhatsApp Image 2026-03-17 at 3.28.25 PM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button