लखनऊ, 23 फरवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में खतरनाक चाइनीज मांझा लगातार लोगों के लिए खतरा बन रहा है। सीएम योगी के सख्त निर्देशों और पुलिस-प्रशासन की सख्ती के बावजूद शहर में मांझे से होने वाले हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हसनगंज इलाके में बाइक से जा रहे एक युवक की गर्दन में अचानक मांझा उलझ गया। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाइक रोक दी जिससे उसकी गर्दन पूरी तरह कटने से बच गई। हालांकि, मांझे की धार से उसकी गर्दन में गहरी चोट आई और तेज खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने रूमाल बांधकर खून रोकने की कोशिश की और ऑटो से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
बताते हैं कि हसनगंज इलाके में रामाधीन सिंह कॉलेज के पास रविवार को बाइक सवार युवक के गले में मांझा फंस गया। जब तक वह बाइक रोक पात तब तक उसका गला जख्मी हो चुका था। पीछे बैठी महिला ने तुरंत रूमाल से पट्टी बांधकर प्राथमिक मदद की। इस दौरान किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया जो अब वायरल हो रहा है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित या किसी अन्य व्यक्ति की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।

लखनऊ में बीते कुछ दिनों में मांझे से हुए हादसे डराने वाले हैं। गत 13 फरवरी को आलमबाग में ध्रुव नारायण घायल हुए, 7 फरवरी को चौक इलाके में चौपटिया निवासी नजम खान मांझे की चपेट में आए। 5 फरवरी को शहीद पथ पर सेवानिवृत्त फौजी बृजेश राय का होंठ और गाल कट गया और 4 फरवरी को बाजारखाला इलाके में शोएब की गर्दन कटने से दर्दनाक मौत हो गई।
लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रतिबंधित मांझे की खुलेआम बिक्री और पतंगबाजी पर प्रभावी रोक न लग पाने से आमजन की जान जोखिम में पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक सख्त कार्रवाई और नियमित चेकिंग नहीं होगी तब तक सड़क पर चलना भी खतरे से खाली नहीं रहेगा।






