लखनऊ, 21 फरवरी 2026:
भारत मंडपम विवाद को लेकर राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंका और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारे लगाए। प्रदर्शन स्थल राहुल गांधी मुर्दाबाद और कांग्रेस होश में आओ जैसे नारों से गूंजता रहा। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि खराब करने की राजनीति कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के बीच कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। मौके पर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। भाजयुमो पदाधिकारियों का कहना था कि देश विरोधी बयानबाजी के खिलाफ युवाओं में नाराजगी है और इसी के चलते यह प्रदर्शन किया गया।
नगर महामंत्री अमित त्रिपाठी ने कहा कि युवा देश की प्रतिष्ठा से समझौता नहीं होने देंगे। प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।






