लखनऊ, 27 जनवरी 2026:
लखनऊ एयरपोर्ट पर सोमवार देर रात सुरक्षा जांच के दौरान एक विदेशी महिला यात्री के पास से प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन बरामद होने से हड़कंप मच गया। महिला दिल्ली जाने वाली फ्लाइट से यात्रा करने वाली थी। संदिग्ध डिवाइस मिलने पर CISF ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को रोक लिया और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
बताया गया कि कंबोडिया की रहने वाली रोथा क्रूथ अपने पति के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-1618 से लखनऊ से दिल्ली जा रही थीं। रात करीब 8 बजे नियमित सुरक्षा जांच के दौरान CISF कर्मियों को महिला के होल्ड बैगेज से मोटोरोला कंपनी का सैटेलाइट फोन मिला। जांच में सामने आया कि यह डिवाइस भारत में प्रतिबंधित श्रेणी में आता है।
सूचना मिलते ही कृष्णा नगर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। एसीपी कृष्णा नगर ने बताया कि हवाई यात्रा के दौरान सैटेलाइट फोन ले जाना नियमों के खिलाफ है। यह भी जांच की जा रही है कि फोन महिला के पास कहां से आया और उसका मकसद क्या था।
पूछताछ में महिला और उसके पति ने बताया कि वे कंबोडिया से उत्तर प्रदेश के बौद्ध तीर्थ स्थलों के भ्रमण पर आए थे। यात्रा के दौरान सैटेलाइट फोन साथ रखने की वजह और उसके संभावित इस्तेमाल को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पड़ताल कर रही हैं।
प्रतिबंधित उपकरण की बरामदगी के बाद पुलिस के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में जुट गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल किसी संवेदनशील या गैरकानूनी गतिविधि के लिए तो नहीं किया जाना था। फिलहाल महिला और उसके पति से अलग-अलग पूछताछ जारी है।






