लखनऊ, 13 फरवरी 2026:
लखनऊ शहर अब केवल ऐतिहासिक धरोहरों और संस्कृति के साथ आधुनिक शहरी विकास की नई पहचान के लिए भी जाना जाएगा। सीजी सिटी में कैंसर अस्पताल के पास 28 करोड़ रुपये की लागत से बनने जा रहा ‘अर्बन पार्क-द गार्डन ऑफ फाइव सेंसेज’ राजधानी के नागरिकों को प्रकृति, तकनीक और मनोरंजन का अनोखा संगम देगा। करीब 20 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित हो रहा यह पार्क शहर का पहला ऐसा ग्रीन जोन होगा जहां एक ही स्थान पर शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और सुकून के अनुभव मिलेंगे।
इस अर्बन पार्क की सबसे बड़ी खासियत लखनऊ की पहली ग्रीन रूफ लाइब्रेरी होगी। इसकी आकर्षक और आधुनिक डिजाइन युवाओं, विद्यार्थियों और पुस्तक प्रेमियों के लिए खास केंद्र बनेगी। पार्क में लगभग 600 मीटर लंबा जॉगिंग ट्रैक, ओपन जिम और बच्चों के लिए आकर्षक झूलों से सुसज्जित किड्स-प्ले एरिया तैयार किया जाएगा। खेल प्रेमियों के लिए पार्क के किनारे अत्याधुनिक स्पोर्ट्स एरीना विकसित होगा। इसमें बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेनिस कोर्ट और बॉक्स क्रिकेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

प्रकृति प्रेमियों को लुभाने के लिए पार्क में करीब एक एकड़ क्षेत्र में खूबसूरत वॉटर बॉडी बनाई जाएगी, जिसके किनारे खुशबूदार पौधों से सजा फ्रैगरेंस गार्डन विकसित होगा। साथ ही लगभग 300 लोगों की क्षमता वाला एम्फी थिएटर और आधुनिक फूड कोर्ट भी पार्क का हिस्सा होंगे। यह पूरा पार्क फाइव सेंस थीम पर आधारित होगा, जहां बच्चों और युवाओं को दृश्य, स्पर्श, ध्वनि, गंध और स्वाद के अनुभव कराने वाले विशेष उपकरण लगाए जाएंगे।
इसी क्रम में सीजी सिटी में इकाना स्टेडियम के पीछे मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण शुरू हो चुका है। इसकी छत पर हरियाली विकसित की जाएगी और एक साथ 500 से अधिक वाहनों की पार्किंग संभव होगी। जल निकासी के लिए डेढ़ किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण और सीएसआई टावर में लिफ्ट संचालन की खामियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी शहर के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम हैं।






