Lucknow City

तीन दिन बाद जिंदगी की जंग हार गई मदरसे की प्रधानाचार्या…तेज रफ्तार बाइक ने मारी थी ठोकर

दवा लेने जाते समय हुआ हादसा, इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर में तीसरे दिन तोड़ा दम, पुलिस सीसीटीवी फुटेज से कर रही जांच

पंकज

काकोरी (लखनऊ), 6 मार्च 2026:

राजधानी स्थित दुबग्गा क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक मदरसे की प्रधानाचार्या की मौत हो गई। वह दवा लेने के लिए घर से पैदल निकलीं थीं। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार अंधे की चौकी स्थित नमरा कॉलोनी निवासी फातिमा खातून (39) एक निजी मदरसे में प्रधानाचार्या थीं। उनके पति शाहिद अनवर उसी मदरसे में प्रबंधक हैं। परिजनों के मुताबिक 3 मार्च की शाम करीब चार बजे फातिमा दवा लेने के लिए घर से पैदल निकली थीं। हरदोई रोड पर अंधेचौकी के पास सड़क पार करते समय दुबग्गा से काकोरी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से निकल गया।

स्थानीय लोगों की मदद से फातिमा को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार में पति और दो बेटियां इकरा और जिकरा हैं। मां के निधन से परिवार में गहरा दुख है। पुलिस बाइक नंबर के आधार पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button