Lucknow City

महाशिवरात्रि : मोहनलालगंज में निकली भव्य शिव बारात…दूल्हा बने महादेव के दर्शन को उमड़ी भीड़

काशीश्वर महादेव मंदिर से निकली सजी हुई पालकी , पुष्प वर्षा और जयघोष से गूंजा कस्बा; वैदिक रीति से संपन्न हुआ शिव-पार्वती विवाह

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 15 फरवरी 2026

महाशिवरात्रि पर्व पर मोहनलालगंज कस्बे में रविवार को धार्मिक आस्था, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कस्बे स्थित प्राचीन काशीश्वर महादेव मंदिर से भगवान शिव की दूल्हा स्वरूप में सजी भव्य पालकी के साथशिव बारात निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

बारात में शामिल भक्तों ने हर-हर महादेव और हर-हर बम-बम के जयघोष से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भगवान शिव की आकर्षक झांकी को दूल्हे के रूप में विशेष सजाया गया था, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। शिव बारात कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः मंदिर परिसर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक परंपराओं के साथ भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की पौराणिक परंपरा का विधि-विधान से निर्वहन किया गया। आयोजन में शामिल पंडितों ने विधिवत पूजन और वैवाहिक रस्में संपन्न कराईं, जिससे पूरा माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।

शिव बारात में युवाओं और महिलाओं का विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने रंग-गुलाल उड़ाकर तथा डीजे पर बज रहे शिव भजनों और धार्मिक गीतों पर नृत्य कर अपनी आस्था और उल्लास का प्रदर्शन किया। सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले अफसर व पुलिसकर्मी पूरे आयोजन के दौरान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button