NationalReligious

महाकुंभ : माघ पूर्णिमा पर स्नान के लिए कल उमड़ेंगे श्रद्धालु, होगी पुष्पवर्षा

महाकुंभ नगर, 11 फरवरी 2025:

महाकुंभ में श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। मंगलवार को भी लाखों श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में पुण्य स्नान किया। माघ पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को संगम में स्नान के लिए और भी भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसके मद्देनजर शासन-प्रशासन ने व्यवस्थाएं की हैं।

सुबह 8 बजे हेलीकॉप्टर से विशेष पुष्पवर्षा

माघ पूर्णिमा स्नान पर्व पर स्नानार्थियों के स्वागत के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। बुधवार सुबह 8 बजे हेलीकॉप्टर से संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की जाएगी, जिससे भक्तों का उत्साह और भी बढ़ेगा।

मेला क्षेत्र में यातायात प्रतिबंध, नो व्हीकल जोन घोषित

महाकुंभ में भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने माघ पूर्णिमा स्नान से एक दिन पूर्व ही सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया है। प्रयागराज शहर में भी मंगलवार शाम से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। कल्पवासियों के लिए अलग यातायात योजना बनाई गई है, जिसकी सूचना सभी संबंधितों को दे दी गई है।

सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की अपील

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैलने वाली गलत सूचनाओं पर ध्यान न दें और अफवाहें न फैलाएं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए हैं।

सीएम योगी स्वयं कर रहे व्यवस्थाओं की निगरानी

महाकुंभ क्षेत्र में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं निगरानी कर रहे हैं। उनके साथ मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी व्यवस्थाओं की देखरेख में जुटे हुए हैं।

यातायात सुचारू, डीजीपी ने दी जानकारी

उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया कि सभी रूट पर फिलहाल यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। बीते कुछ घंटों में यातायात व्यवस्था समान बनी है। शहर के प्रमुख जंक्शनों पर भी स्थिति नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button