बिजनेस डेस्क, 23 जनवरी 2026:
भारतीय शेयर बाजार में आज गिरावट देखने को मिली, जहां सेंसेक्स करीब 100 अंक गिरकर 82,250 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं निफ्टी भी लगभग 30 अंक फिसलकर 25,250 के आसपास बना रहा। बाजार की शुरुआत से ही दबाव देखा गया।
इन सेक्टरों में दिखी बिकवाली
आज के कारोबार में बैंकिंग, एनर्जी और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली रही। इन सेक्टरों पर दबाव के कारण बाजार की रफ्तार थमी रही। निवेशकों ने मुनाफा वसूली का रास्ता अपनाया, जिससे प्रमुख सूचकांकों पर असर पड़ा।
बजट से पहले बाजार में असमंजस
बाजार जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। 1 फरवरी को पेश होने वाले आम बजट से पहले बाजार किसी बड़े रुझान की तलाश में है। तकनीकी जानकारों के मुताबिक निफ्टी के लिए 25,000 का स्तर मजबूत सहारा है। अगर यह स्तर टूटता है, तो गिरावट और बढ़ सकती है। निवेशकों को फिलहाल सतर्क रहने और चुनिंदा लार्ज कैप शेयरों में ही निवेश करने की सलाह दी जा रही है।

ग्लोबल बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत
वैश्विक बाजारों की बात करें तो एशियाई बाजारों में मजबूती देखने को मिली। कोरिया का कोस्पी 0.84 प्रतिशत बढ़कर 4,994 पर कारोबार कर रहा है, जबकि जापान का निक्केई इंडेक्स 0.34 प्रतिशत की तेजी के साथ 53,870 पर है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.29 प्रतिशत बढ़कर 26,706 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.27 प्रतिशत चढ़कर 4,133 पर कारोबार कर रहा है। वहीं 22 जनवरी को अमेरिका में डाउ जोन्स 0.63 प्रतिशत की तेजी के साथ 49,384 पर बंद हुआ था। नैस्डेक कंपोजिट में 0.91 प्रतिशत और एस एंड पी 500 में 0.55 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई थी।
निवेशकों की गतिविधियों का असर
21 जनवरी को विदेशी निवेशकों ने 2,549 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू निवेशकों ने 4,222 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। दिसंबर 2025 में विदेशी निवेशकों ने कुल 34,350 करोड़ रुपये की बिकवाली की थी। इस दौरान घरेलू निवेशकों ने 79,620 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर बाजार को सहारा दिया। गुरुवार को बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 398 अंक चढ़कर 82,307 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 132 अंक की बढ़त के साथ 25,290 के स्तर पर बंद हुआ था।






