लखनऊ, 7 दिसंबर 2025:
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष एवं यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस (6 दिसंबर) पर देशभर में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शामिल हुए समर्थकों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का रविवार को आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि अंबेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, दलितों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों व सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए समर्पित कर दिया। उनके मिशनरी विचार आज भी बहुजन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
मायावती ने लखनऊ के डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल और नोएडा स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल एवं ग्रीन गार्डेन सहित विभिन्न राज्यों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में उमड़े लोगों की सराहना करते हुए कहा कि यह आंबेडकर के प्रति देशवासियों की गहरी श्रद्धा का प्रतीक है।
देश की वर्तमान परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, वायु प्रदूषण, रुपये की गिरती कीमत, एयरलाइन संचालन में अव्यवस्था और आम नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याएं देश में व्यापक चिन्ता का विषय बनी हुई हैं। उनके अनुसार इन चुनौतियों का समाधान तभी संभव है जब सरकारें व्यावसायिक दृष्टिकोण छोड़कर जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और डॉ. अंबेडकर द्वारा प्रदत्त मानवतावादी व कल्याणकारी संविधान को पूरी ईमानदारी से लागू करें।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब का वास्तविक मिशन तभी पूरा होगा जब देश के दलितों, पिछड़ों, वंचितों और गरीबों को न्याय, सुरक्षा और समान अवसर सुनिश्चित रूप से प्राप्त हों। मायावती ने कहा कि संविधान में दिए गए अधिकारों पर ईमानदारी से अमल करना ही सामाजिक बदलाव और देशहित का सच्चा रास्ता है।






