लखनऊ, 26 जनवरी 2026:
बसपा प्रमुख एवं यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने
गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को बधाई देते हुए एक बार फिर पार्टी संस्थापक कांशीराम को भारतरत्न से सम्मानित करने की मांग दोहराई है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के उत्थान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले कांशीराम को सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया जाना समय की मांग है।
सोमवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में मायावती ने देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन संविधान पर गर्व करने के साथ ईमानदारी से आत्ममंथन करने का भी है कि क्या केंद्र और राज्य सरकारें संविधान की सर्वसमाज हितैषी भावना के अनुरूप कार्य कर रही हैं या फिर बड़े-बड़े दावों और लुभावने वादों तक ही सीमित हैं।
समस्त देशवासियों तथा दुनिया भर में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों एवं उनके परिवार वालों को भी आज 77वें गणतंत्र दिवस की दिली मुबारकबाद/हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें।
वैसे आज के दिन अपने बेहतरीन संविधान पर गर्व करने के साथ-साथ इसका विशेष महत्व तभी है जब सरकारों के बड़े-बड़े दावों और…— Mayawati (@Mayawati) January 26, 2026
मायावती ने अपने बयान में सवाल उठाया कि क्या देश में राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र के क्षेत्र में अपेक्षित विकास हुआ है? क्या आम जनता के जीवन स्तर में वास्तव में कोई ठोस सुधार आया है? उन्होंने कहा कि इस तरह के निष्पक्ष आकलन से ही देश की ज्वलंत समस्याओं से मुक्ति का रास्ता निकल सकता है।
इसके साथ ही बसपा प्रमुख ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर पद्म विभूषण, पद्म भूषण, पद्मश्री और सर्वोच्च वीरता पुरस्कार से सम्मानित सभी व्यक्तियों एवं उनके परिवारों को बधाई दी।
अपने संदेश के अंतिम हिस्से में मायावती ने कहा कि बहुजन समाज के करोड़ों गरीबों, शोषितों, पीड़ितों और उपेक्षितों को आत्मसम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का मार्ग दिखाने वाले मान्यवर कांशीराम को भारतरत्न से सम्मानित करना पूरी तरह न्यायोचित होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि बसपा इस मांग को लंबे समय से उठाती आ रही है। अब इसमें और देरी नहीं होनी चाहिए।






