NationalUttar Pradesh

मोदी की यूपी को सौगात… उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट ‘इंडिया चिप’ का शिलान्यास

एचसीएल ग्रुप और फॉक्सकॉन टेक्नोलॉजी संयुक्त रूप से 48 एकड़ में लगा रही 37 सौ करोड़ निवेश वाली परियोजना, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

गौतमबुद्धनगर, 21 फरवरी 2026:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा के पास जेवर में वर्चुअली रूप से उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट इंडिया चिप का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ परियोजना स्थल पर उपस्थित रहे। इस मौके पर पीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सेमीकंडक्टर केंद्र बनेगा। यह परियोजना भारत को चिप निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

आधुनिक दुनिया को चलाने वाले प्रोसेसिंग पॉवर में भारत के साथ यूपी की मजबूत भागीदारी

कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत ने अपने सामर्थ्य से दुनिया का ध्यान खींचा। ग्लोबल एआई समिट में दुनियाभर के दिग्गज दिल्ली में जुटे थे। उन्होंने हमारे विजन को सराहा। ये कल समाप्त हुई और आज हम इस कार्यक्रम का हिस्सा बन रहे है। आधुनिक दुनिया को चलाने के लिए जिस प्रोसेसिंग पॉवर की जरूरत है। उसमें भारत के साथ यूपी भी उसका हिस्सा बन रहा है। ये परियोजना यूपी की पहचान को सशक्त करेगी। जहां सेमी कंडक्टर आते हैं वहां पूरा ईको सिस्टम आता है।

फॉक्सकॉन के भारत आने से निकला वैश्विक संदेश

पीएम मोदी ने कहा कि भारत टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में जो भी काम कर रहा है वो 21 वीं सदी का आधार बनेगा। मानवता का भविष्य तैयार करने वाली हर टेक्नोलॉजी में भारत आगे बढ़ रहा है। हमारा सफर देरी से शुरू हुआ लेकिन तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। बीसवीं सदी में जिस देश के पास तेल था वहां समृद्धि आई। कोविडकाल में हमने देखा कि छोटी सी चिप की सप्लाई चेन पर ब्रेक लगी तो अर्थव्यवस्था चरमराने लगी। इसीलिए हमने आत्मनिर्भर होने का निर्णय लिया। हमारी मेड इन इंडिया चिप होगी तो हमें दूसरों की ओर नहीं देखना पड़ेगा। फॉक्सकॉन का भारत आना इसमें एक वैश्विक संदेश भी है। आज दुनिया भारत को टेक फ्यूचर के रूप में देख रहा है।

WhatsApp Image 2026-02-21 at 6.22.33 PM

पीएम के विजनरी लीडरशिप में आगे बढ़ रहा भारत

सीएम ने कहा कि पीएम के विजनरी लीडरशिप में भारत आगे बढ़ रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे विकास प्राधिकरण के औद्योगिक क्षेत्र में 3,700 करोड़ से अधिक के निवेश वाली इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड के सेमीकंडक्टर प्लांट एचसीएल ग्रुप और फॉक्सकॉन टेक्नोलॉजी ग्रुप द्वारा स्थापित किया जा रहा है। यीडा क्षेत्र के सेक्टर 28 में 48 एकड़ भूमि पर ये परियोजना उत्तर प्रदेश को सेमीकंडक्टर विनिर्माण के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

यूपी देश के अग्रणी राज्यों में शुमार

सीएम ने कहा कि ये वही क्षेत्र है विजन, विजन की बात है। पिछली सरकार में लोग सूर्य अस्त होते ही घर से बाहर नहीं निकलते थे। गोलियां चलतीं थीं। आज वही जेवर क्षेत्र देश का जेवर बना है। 2017 में जब सरकार बनाई थी तब 2014 में पीएम ने राज्यों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होने की बात कही थी। यूपी आज देश के अंदर अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। हर एक सेक्टर में पीएम का विजन दिख रहा है। यह परियोजना भारत सरकार के सेमीकंडक्टर मिशन और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से स्थापित की जा रही है।

परियोजना में देश को पहली बार मिलेगी खास सुविधाएं

सीएम ने कहा कि यह देश की पहली डिस्प्ले ड्राइवर इंटीग्रेटेड सर्किट (डीडीआईसी) ओसैट (आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्टिंग) सुविधा होगी, जहां चिप की उन्नत पैकेजिंग, संयोजन और परीक्षण किया जाएगा। परियोजना भारत के सकल घरेलू उत्पाद में प्रतिवर्ष लगभग 45,000 करोड़ का योगदान देने में सक्षम होगी। इसके माध्यम से उत्तर प्रदेश में लगभग 3,000 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है। कार्यक्रम में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव,केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सुनील शर्मा, अजीत पाल, बृजेश सिंह समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

मेरठ में पीएम के कार्यक्रम की तैयारियां परखीं

इससे पहले प्रधानमंत्री के 22 फरवरी को मेरठ दौरे से पहले सीएम योगी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल और शताब्दी नगर स्थित नमो भारत स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तय समय के भीतर पूरी की जाएं और सुरक्षा, यातायात तथा आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। आयोजन स्थल पर व्यवस्था पूरी तरह सुव्यवस्थित रहे और किसी तरह की अव्यवस्था न होने पाए। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत रखने के निर्देश भी दिए गए।

WhatsApp Image 2026-02-21 at 6.22.33 PM (1)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button