Uttarakhand

टिहरी झील में राष्ट्रीय जल खेलों का आगाज, CM धामी बोले… उत्तराखंड बनेगा एडवेंचर स्पोर्ट्स हब

25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ, 19 टीमों के 440 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

राजकिशोर तिवारी

टिहरी, 8 अप्रैल 2026:

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को टिहरी गढ़वाल स्थित वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट से 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) का वर्चुअल शुभारंभ किया। यह पहली बार है जब उत्तराखंड को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। प्रतियोगिता 8 से 12 अप्रैल तक टिहरी झील (वासई) में इंडो-तिब्बतियन बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करने के साथ उत्तराखंड को साहसिक खेलों और पर्यटन के वैश्विक नक्शे पर स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा की रीढ़ हैं। उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है। खेल गतिविधियां उनमें अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता को मजबूत करती हैं।

WhatsApp Image 2026-04-08 at 12.42.52 PM

उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि वाटर स्पोर्ट्स आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, नदी बचाव और तटीय सुरक्षा में भी अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं। राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड तेजी से ‘खेलभूमि’ के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

इस प्रतियोगिता में देशभर की 19 टीमों के 440 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें लगभग 130 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। कुल 52 स्पर्धाओं में कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग के विभिन्न इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे, जो रोमांच और प्रतिस्पर्धा का अनूठा संगम प्रस्तुत करेंगे।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह आयोजन टिहरी को देश के प्रमुख एडवेंचर स्पोर्ट्स केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवान, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, एडीजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, आईजी आईटीबीपी मनु महाराज सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button