लखनऊ, 18 जनवरी 2026:
यूपी विधानभवन में सोमवार से शुरू हो रहे अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों और विधायी निकाय के सचिवों के सम्मेलन के मद्देनजर राजधानी लखनऊ में तीन दिन तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष, राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत कई वीआईपी शामिल होंगे। इसके चलते कल से 21 जनवरी तक रोजाना सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक विधानभवन और उसके आसपास के इलाकों में डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।
वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे डायवर्जन वाले मार्गों पर जाने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। आपात स्थिति में यातायात पुलिस लोगों को निकलवाएगी। सहायता के लिए कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।

इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
गोल्फ क्लब चौराहा व लामार्टिनियर चौराहा से पांच कालीदास मार्ग की ओर सामान्य यातायात बंद रहेगा। 1090 चौराहा से गोल्फ क्लब चौराहा की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।
बंदरियाबाग चौराहा से राजभवन, डीएसओ, हजरतगंज, जीपीओ और विधान भवन की ओर आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
डीएसओ चौराहा से हजरतगंज, जीपीओ पार्क और विधानसभा मार्ग की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।
रॉयल होटल चौराहा से विधान भवन के सामने होकर हजरतगंज की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। डीएसओ चौराहा से सिसेंडी तिराहा नो-व्हीकल जोन रहेगा।
रोडवेज और सिटी बसों के लिए बदले गए रूट
महानगर, चारबाग और गोमतीनगर की ओर से आने वाली रोडवेज और सिटी बसें हजरतगंज, सिकंदरबाग और विधान भवन की ओर नहीं जा सकेंगी। बसों को बैकुंठ धाम, 1090 चौराहा, बंदरियाबाग, लालबत्ती चौराहा और कैंट जैसे वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।

होटल सेंट्रम के आसपास एरिया में भी किया गया बदलाव
रिसिता मलबरी हाइट्स चौराहा, मरीमाता मंदिर चौराहा और लखनऊ पब्लिक स्कूल चौराहा से होटल द सेंट्रम की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन स्टेचू पार्क, जयपुरिया स्कूल चौराहा और सेक्टर-सी पॉकेट-5 जैसे वैकल्पिक मार्गों से जाएंगे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा से पहले रूट प्लान कर लें, अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें और ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करें।






