एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 1 फरवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के निगोहां क्षेत्र स्थित शेरपुर लवल गांव में रविवार को सातवें महावीर क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन मोहनलालगंज ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश शुक्ला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और खेल भावना बनाए रखने का संदेश देकर किया। उद्घाटन के साथ ही मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
पहले लीग मुकाबले में लालपुर और पुरहिया की टीम आमने-सामने हुईं। टॉस जीतकर पुरहिया ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी उत्तरी लालपुर की टीम 12 ओवर में 76 रन ही बना सकी। जवाब में पुरहिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 10 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए विराट को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरा लीग मैच शेरपुर लवल और निगोहां थाने की टीम के बीच खेला गया। शेरपुर लवल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 123 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए निगोहां थाने की टीम संघर्ष के बावजूद 103 रन पर ऑल आउट हो गई। इस मुकाबले में तीन विकेट लेने और 17 रन बनाने वाले विक्की सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
टूर्नामेंट के आयोजक संतोष बाजपेई ने बताया कि इस ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया है। आयोजन स्थल पर निगोहां व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र दीक्षित, भाजपा नेता राजाराम वर्मा, अभिषेक शुक्ला, विनोद वर्मा, नवीन मिश्रा, जवेंद्र तिवारी, अरुण सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण दर्शक मौजूद रहे। टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है।






