लखनऊ, 17 मई 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवती पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई और नीचे कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। टंकी पर युवती को खड़ा देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। करीब पांच घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारा।
घटना गोमतीनगर के विनीतखंड-5 की है। युवती की पहचान अयोध्या के खंडासा निवासी प्रीति कश्यप के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक प्रीति ने कुछ समय पहले लखीमपुर खीरी के निघासन निवासी राम अनुग्रह प्रजापति से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों विनीतखंड में किराए पर रह रहे थे। आरोप है कि बीते गुरुवार को पति राम अनुग्रह अचानक उसे छोड़कर चला गया। इसके बाद से प्रीति लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश कर रही थी लेकिन बात नहीं हो सकी।

इसी बात से नाराज होकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। रविवार सुबहस्थानीय लोग ने प्रीति को पानी की टंकी पर चढ़ा देखा। युवती बार-बार कूदने की धमकी दे रही थी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही गोमतीनगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी गुरप्रीत कौर और दमकल कर्मी टंकी पर चढ़े और युवती को समझाने का प्रयास किया।
हालांकि प्रीति नीचे आने को तैयार नहीं थी। पुलिसकर्मियों ने घंटों उससे बातचीत की। इस दौरान उसे खाना और पानी भी दिया गया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद आखिरकार टीम उसे नीचे उतारने में सफल रही। नीचे उतरते ही प्रीति बेहोश होकर गिर पड़ी। आनन-फानन उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के मुताबिक होश में आने के बाद प्रीति से उसके पति का नंबर लिया गया। पुलिस ने संपर्क किया तो पता चला कि राम अनुग्रह लखीमपुर खीरी से लखनऊ के लिए रवाना हो चुका है। उसके पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






