लखनऊ, 3 मार्च 2026:
रंगों के त्योहार पर इस बार लखनऊ के लोगों को पानी की किल्लत की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। लखनऊ नगर निगम के जलकल विभाग ने होली के मद्देनजर बुधवार को शहरभर में निर्बाध पेयजल आपूर्ति के विशेष इंतजाम किए हैं। मतलब रंग-गुलाल में जमकर भीगिए और पानी की कमी नहीं होगी।
जलकल विभाग के जीएम कुलदीप सिंह के अनुसार नगर निगम के तीनों जलकल प्लांट, सभी ओवरहेड टैंक और नलकूप पूरी क्षमता से संचालित रहेंगे। होली के दिन सभी जोनों में सुबह 5 बजे से 9 बजे तक नलकूपों से सीधे जलापूर्ति की जाएगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक ओवरहेड टैंकों से सप्लाई मिलेगी।

खास व्यवस्था ऐशबाग, बालागंज और तृतीय जलकल कठौता क्षेत्रों में की गई है। इन इलाकों में सुबह 5 से 9 बजे, दोपहर 12 से 3 बजे और शाम 5 से रात 9 बजे तक तय समय पर पानी उपलब्ध कराया जाएगा जिससे अधिक खपत के बावजूद आपूर्ति प्रभावित न हो।
जहां हर साल होली पर टैंकर लगाने पड़ते रहे हैं, वहां इस बार भी पहले से टैंकरों की तैनाती रहेगी। जलकल विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी क्षेत्र में पानी के लिए लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा। अगर कहीं जलापूर्ति से जुड़ी समस्या आती है तो सभी जोनों के अभियंताओं के मोबाइल नंबर 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। लोग 8177054100, 8177054003 और 8177054010 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। दूसरी तरफ सीवर समस्या के लिए सुएज इंडिया के टोल-फ्री नंबर 18003130522 पर संपर्क किया जा सकता है।
पानी के साथ बिजली को लेकर भी राहत है। शहर से गांव तक निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी है। किसी भी कटौती की शिकायत के लिए 1912 हेल्पलाइन पर कॉल किया जा सकता है।






