Lucknow City

CM योगी के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट पड़ा भारी… सपा नेता आईपी सिंह के खिलाफ केस

हजरतगंज कोतवाली में दर्ज हुआ मुकदमा, एडिटेड वीडियो पोस्ट करने का आरोप, आईपी सिंह बोले- एक मीम पर फांसी दे दीजिए

लखनऊ, 9 अप्रैल 2026:

यूपी की सियासत में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित आपत्तिजनक सामग्री साझा करना समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आईपी सिंह को भारी पड़ गया। इस मामले में राजधानी लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार हजरतगंज क्षेत्र के नरही निवासी धर्म सिंह ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि आईपी सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर मुख्यमंत्री की तस्वीर को एडिट कर एक आपत्तिजनक पोस्ट किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह वीडियो न केवल भ्रामक है बल्कि समाज में अशांति और वैमनस्य फैलाने वाला है।

धर्म सिंह ने तहरीर के साथ संबंधित पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं। उनका आरोप है कि इस तरह की सामग्री से उनकी और प्रदेश के लाखों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए हजरतगंज पुलिस ने आईपी सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और एडिटिंग की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

इधर, मुकदमा दर्ज होने के बाद आईपी सिंह ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि खबर मिली है कि इस ट्वीट पर मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। इस अमृतकाल में सब ठीक है, एक मीम डालने पर फांसी पर लटका दीजिए, आपकी सरकार है। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रदेश की राजनीति में सोशल मीडिया की भूमिका और उसकी सीमाओं पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button