Lucknow CityNational

पुण्यतिथि पर बापू को नमन… लखनऊ में सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि, दिया ये संदेश

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर लखनऊ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां सीएम योगी समेत कई जनप्रतिनिधियों ने बापू के विचारों को याद किया

लखनऊ, 30 जनवरी 2026:

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के जीपीओ पार्क में स्थापित गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। श्रद्धा और सम्मान के माहौल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने माल्यार्पण कर बापू को नमन किया और कुछ पल मौन रखकर राष्ट्रपिता को याद किया। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

भजनों की धुनों से गूंजा कार्यक्रम स्थल

श्रद्धांजलि समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। ‘रघुपति राघव राजाराम’ सहित अन्य भजनों की मधुर धुनों से जीपीओ पार्क गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगभग 15 मिनट तक एकाग्र होकर बैठकर भजनों को सुनते रहे। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की और गांधी प्रतिमा के सामने स्कूली बच्चों के साथ फोटो भी खिंचवाई।

WhatsApp Image 2026-01-30 at 12.02.30 PM

बापू के आदर्श अपनाने की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर अपने संदेश में लिखा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत शत नमन। उन्होंने कहा कि बापू का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की अडिग साधना और मानवता के प्रति करुणा पूरी दुनिया को हमेशा मार्ग दिखाती रहेगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से बापू के आदर्शों को अपनाकर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

डिप्टी सीएम समेत कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा और जय देवी मौजूद रहे। इसके साथ ही विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान और भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित कई प्रमुख लोग शामिल हुए। सभी ने गांधी जी की प्रतिमा और चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

शहीद दिवस का संदेश: बापू के विचार आज भी प्रासंगिक

30 जनवरी 1948 को नई दिल्ली में एक प्रार्थना सभा के दौरान नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह दिन केवल बापू को श्रद्धांजलि देने का नहीं, बल्कि उनके उन विचारों को याद करने का अवसर भी है, जिनके बल पर उन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग से देश को आजादी दिलाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button