Uttarakhand

पीएम के देहरादून दौरे से पहले तैयारियां तेज… प्रशासन अलर्ट, रूट को 13 जोन में बांटा

आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक सुरक्षा कड़ी, जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी, महेन्द्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम, पार्किंग से लेकर पेयजल तक की व्यवस्था पर फोकस

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 10 अप्रैल 2026:

पीएम नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल के देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण को देखते हुए पूरे सिस्टम को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

डीएम सविन बंसल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। खास तौर पर सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन को लेकर सख्ती बरतने को कहा गया है। प्रधानमंत्री के रूट आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक को 13 जोन में बांटा गया है। हर जोन में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, ताकि हर स्तर पर निगरानी बनी रहे। अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

रूट पर जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। स्थानीय कलाकार पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों के साथ उत्तराखंड की संस्कृति की झलक पेश करेंगे। प्रशासन ने आम लोगों से भी कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। गढ़ीकैंट स्थित महेन्द्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम होगा। यहां लोगों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, मोबाइल टॉयलेट और पेयजल जैसी सुविधाओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है।

इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण भी करेंगे। करीब 210 किलोमीटर लंबा यह छह लेन एक्सप्रेसवे दिल्ली से देहरादून के बीच सफर को काफी कम कर देगा। अभी जहां इस दूरी को तय करने में 6 घंटे से ज्यादा लगते हैं, वहीं एक्सप्रेसवे बनने के बाद यह सफर करीब ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा। बैठक में नगर निगम और जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button