NationalSports

क्रिकेट फैंस के लिए रेलवे का तोहफा: T20 वर्ल्ड कप फाइनल देखने के लिए दिल्ली से स्पेशल ट्रेन… जानें शेड्यूल

भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले इस हाईप्रोफाइल मैच को लेकर देश-दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह, साबरमती तक विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा, फैंस आसानी से पहुंच सकेंगे अहमदाबाद

न्यूज डेस्क, 7 मार्च 2026:

अहमदाबाद में रविवार को होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर देश-दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले इस हाईप्रोफाइल मैच पर सभी की निगाहें टिकी हैं। बड़ी संख्या में फैंस इस ऐतिहासिक मुकाबले को स्टेडियम में बैठकर देखने के लिए अहमदाबाद पहुंचना चाहते हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने क्रिकेट प्रेमियों को खास सुविधा देने का फैसला किया है।

भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली से साबरमती तक एक विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है जिससे फैंस आसानी से अहमदाबाद पहुंचकर फाइनल मुकाबले का रोमांच देख सकेंगे। हवाई जहाज के टिकटों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी और सीटों की कमी को देखते हुए रेलवे का यह फैसला क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

WhatsApp Image 2026-03-07 at 1.21.30 PM

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04062 शनिवार रात 11:45 बजे नई दिल्ली स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन दिल्ली कैंट, गुरुग्राम और जयपुर स्टेशन पर ठहराव लेते हुए आगे बढ़ेगी और रविवार दोपहर 2:30 बजे साबरमती स्टेशन पहुंचेगी। इस तरह यात्रियों को करीब 14 घंटे 45 मिनट में अहमदाबाद पहुंचने की सुविधा मिलेगी।

इस स्पेशल ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए गए हैं। इनमें यात्रियों की सुविधा के लिए सेकंड एसी और थर्ड एसी श्रेणी के डिब्बे शामिल किए गए हैं। रेलवे का कहना है कि यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। टी20 विश्व कप फाइनल को लेकर अहमदाबाद में पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। होटल, फ्लाइट और ट्रेनों की बुकिंग तेजी से बढ़ रही है।

ऐसे में रेलवे द्वारा चलाई गई यह विशेष ट्रेन हजारों क्रिकेट प्रशंसकों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती मांग और क्रिकेट फैंस की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे अधिक से अधिक लोग बिना परेशानी के फाइनल मैच का रोमांच देखने अहमदाबाद पहुंच सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button