लखनऊ, 9 मार्च 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में टीबी के मरीजों की देखभाल और उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए इण्डियन रेडक्रॉस सोसायटी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में सोमवार को सोसायटी की लखनऊ शाखा ने ठाकुरगंज स्थित टीबी हॉस्पिटल में उपचार करा रहे मरीजों को पुष्टाहार पोटली वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों को उपचार के साथ-साथ पोषण सहयोग प्रदान करना था।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव अमरनाथ मिश्र ने मरीजों से बात कर उन्हें नियमित रूप से दवा लेने, पौष्टिक आहार करने और डॉक्टरों के निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि टीबी एक गंभीर बीमारी जरूर है लेकिन सही समय पर उपचार, संतुलित आहार और सावधानियों के साथ इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि टीबी के मरीजों को दवा के साथ-साथ पर्याप्त पोषण मिलना भी बेहद जरूरी है क्योंकि इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और मरीज जल्दी स्वस्थ हो पाता है। इसी सोच के साथ रेडक्रॉस सोसायटी समय-समय पर मरीजों को पुष्टाहार उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने रेडक्रॉस सोसायटी की इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। वक्ताओं ने कहा कि यदि समाज के अधिक लोग ऐसे सेवा कार्यों में आगे आएं तो जरूरतमंदों की मदद करना और भी आसान हो जाएगा।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों ने मरीजों का उत्साहवर्धन किया और नियमित दवा के साथ संतुलित आहार के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में अमरनाथ मिश्र, ऋतुराज रस्तोगी, आलोक सक्सेना, मनोज तिवारी, हरिराम, मनीष शुक्ला सहित कई लोग उपस्थित रहे।






