लखनऊ, 31 जनवरी 2026:
टीबी से पीड़ित लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने में सहयोग देने के उद्देश्य से इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की लखनऊ शाखा द्वारा शनिवार को शहर के ठाकुरगंज स्थित टीबी हॉस्पिटल में पुष्टाहार पोटली का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम रेडक्रॉस द्वारा गोद लिए गए टीबी मरीजों के लिए आयोजित किया गया।
इसका उद्देश्य उपचार के साथ-साथ पोषण की कमी को दूर करना तथा मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाना रहा। इस अवसर पर मौजूद रेडक्रॉस पदाधिकारियों और समाजसेवियों ने मरीजों से संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने मरीजों को नियमित रूप से दवाएं लेने, डॉक्टरों की सलाह का पालन करने और संतुलित आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव अमरनाथ मिश्र ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने में दवाओं के साथ पोषण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। संस्था का प्रयास है कि कोई भी मरीज केवल संसाधनों के अभाव में कमजोर न पड़े। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में अनुराग मिश्र, जितेंद्र सिंह चौहान, ऋतुराज रस्तोगी, मजीद अली खान, मोहम्मद खालिद खान, आलोक अग्रवाल, मनोज तिवारी और मनीष शुक्ला प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की लखनऊ शाखा द्वारा समय-समय पर जरूरतमंद वर्गों के लिए स्वास्थ्य, पोषण और आपदा राहत से जुड़े मानवीय कार्य किए जाते रहे हैं। संस्था ने समाज के कमजोर तबकों के लिए सहयोग जारी रखने का संकल्प दोहराया।






