हरदोई, 11 फरवरी 2026:
जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में बसे बलेहरा गांव में एक युवक पर बीच सड़क लाठियां बरसाईं गईं। खून से लथपथ युवक किनारे नाली में गिर पड़ा तो उसे भाले से गोद डाला गया। एक दर्जन से अधिक गहरे वारों से उसकी मौके पर ही जान चली गई। बताया गया कि हमलावर की पत्नी से मृतक के भाई का प्रेम प्रसंग था। चार साल पूर्व पत्नी उसी के साथ भाग गई थी। ये वारदात उसी का बदला लेने के लिए की गई।
मृतक बलेहरा गांव का निवासी 36 वर्षीय अक्षय सिंह उर्फ अच्छे है। चार साल पहले फरवरी 2022 में उनके छोटे भाई अभय सिंह गांव के ही अजीत सिंह उर्फ पिंकू की पत्नी को अपने साथ ले गया था। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी चली आ रही थी। अभय सिंह तब से हिमाचल प्रदेश में रह रहा है। परिजनों का आरोप है कि इस घटना के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। इसी डर से परिवार गांव छोड़कर हिमाचल प्रदेश चला गया था।
भाई सूरज सिंह के मुताबिक मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत करीब चार महीने पहले नोटिस मिला था। उसी सिलसिले में अक्षय हरदोई लौटे थे। डर के कारण वह गांव में न रहकर शहर में किराए के मकान में रह रहे थे। सोमवार शाम जरूरी काम से गांव आए थे। आरोप है कि उसी रात उनके गांव आने की खबर आरोपियों को लग गई।
सुबह करीब साढ़े सात बजे अक्षय खेत से घर लौट रहे थे। तभी गांव के ही अजीत सिंह, सुधीर सिंह, जगदीश सिंह और मुकेश सिंह ने उन्हें देवेंद्र सिंह के घर के पास घेर लिया। पहले डंडों से हमला किया गया। जान बचाने के लिए अक्षय पास के एक घर में घुस गए, लेकिन हमलावर उन्हें घसीटकर बाहर ले आए। इसके बाद सड़क पर गिराकर उन पर भालों से ताबड़तोड़ वार किए गए। एक दर्जन से ज्यादा गहरे जख्म लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल गिरी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अक्षय का शव सड़क किनारे नाली में औंधे मुंह पड़ा मिला। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।






