योगेंद्र मलिक
देहरादून, 28 फरवरी 2026:
नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने होली पर्व को देखते हुए शहर में चल रहा कार्य बहिष्कार वापस ले लिया है। अब केवल आरोपी पार्षद के वार्ड 37 पंडितवाड़ी क्षेत्र में ही सफाई कार्य बंद रहेगा। इस फैसले से शहरवासियों को बड़ी राहत मिली है और बाकी इलाकों में सफाई व्यवस्था सामान्य होने लगी है।
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के सचिव धीरज भारती ने बताया कि जब तक आरोपी पार्षद के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक वार्ड 37 में बहिष्कार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर ठोस कदम उठाए जाने तक विरोध खत्म नहीं किया जाएगा।
दरअसल 26 फरवरी को पंडितवाड़ी वार्ड के कांग्रेस पार्षद अभिषेक तिवारी पर एक महिला सफाई कर्मी के साथ मारपीट, हाथ तोड़ने और जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगा था। घटना के बाद यूनियन ने एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने और पार्षद की सदस्यता रद्द करने की मांग करते हुए शहरभर में काम बंद कर दिया था।
इस बीच महानगर कांग्रेस ने एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपकर पार्षदों पर लगाए गए आरोपों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आरोप झूठे और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हैं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है और विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्याकांत धस्माना ने भी निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि संगठन के नेताओं की छवि खराब करने की कोशिश जारी रही तो पार्टी लोकतांत्रिक आंदोलन करने को मजबूर होगी।






