देहरादून, 9 मार्च 2026:
झण्डा चढ़या चढ़या ए देरादून, संगतां मनाले खुशियां… श्रद्धा से भरे ये स्वर दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में गूंजे तो पूरा वातावरण गुरु भक्ति और आस्था से सराबोर हो उठा। श्री गुरु राम राय जी महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर रविवार को देहरादून में आयोजित ऐतिहासिक श्री झण्डा साहिब का भव्य आरोहण लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इसके साथ देहरादून की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर श्री झण्डे जी मेले का विधिवत शुभारंभ भी हो गया।
श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के संदेश के साथ झण्डा साहिब के आरोहण की प्रक्रिया आरंभ हुई। जैसे-जैसे अनुष्ठान आगे बढ़ता गया, पूरी द्रोणनगरी जय श्री गुरु राम राय जी महाराज और जय श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जयकारों से गूंजती रही। शाम को ठीक समय पर 94 फीट ऊंचे पवित्र श्री झण्डे जी का आरोहण पूर्ण हुआ। इस दिव्य क्षण के साक्षी बनते ही श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूम उठे और गुरु महाराज के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो गया।

श्री दरबार साहिब परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रविवार को सूर्योदय से पहले ही
उमड़ पड़ी। देश-विदेश से आई संगतों ने श्रद्धा भाव से श्री झण्डे जी के समक्ष मत्था टेककर श्री गुरु महाराज के दर्शन किए। पूरे परिसर में तिल रखने तक की जगह नहीं बची थी।
सुबह सात बजे से विशेष पूजा-अर्चना आरंभ हुई। सुबह करीब साढ़े आठ बजे श्रद्धालुओं ने पवित्र ध्वज दंड को उतारकर विधि-विधान से पूजा की और दूध, घी, शहद, गंगाजल तथा पंचगव्य से अभिषेक किया। इसके बाद 94 फीट ऊंचे श्री झण्डे जी पर सादे और शनील के गिलाफ चढ़ाने की परंपरा निभाई गई। पूरी प्रक्रिया के दौरान झण्डे जी को एक पल के लिए भी जमीन पर नहीं रखा गया, बल्कि संगतों ने उसे अपने हाथों पर थामे रखा।
दोपहर में दर्शनी गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होते ही हजारों श्रद्धालु उस पवित्र गिलाफ को स्पर्श करने के लिए उमड़ पड़े। झण्डा आरोहण के बाद एक बाज ने झण्डे जी की परिक्रमा की। इसे श्रद्धालु हर वर्ष की तरह श्री गुरु राम राय जी महाराज की दिव्य उपस्थिति का प्रतीक मानते हैं। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से संगतें इस पावन अवसर पर पहुंचीं।






