सिंगापुर/लखनऊ, 24 फरवरी 2026:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे के दौरान यूपी सरकार की निवेश प्रोत्साहन एजेंसी इन्वेस्ट यूपी और सिंगापुर कोऑपरेशन एंटरप्राइज के बीच अहम समझौता हुआ। इस एमओयू के जरिए उत्तर प्रदेश में नीतिगत ढांचे को मजबूत करने, संस्थागत क्षमता बढ़ाने और विकास के नए इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में लंबी साझेदारी की शुरुआत मानी जा रही है।
इस समझौते का मकसद प्रदेश में सतत आर्थिक विकास को बढ़ावा देना और उद्योगों को ज्यादा प्रतिस्पर्धी बनाना है। दोनों पक्ष मिलकर तकनीकी सहयोग, विशेषज्ञ सलाह और अनुभव साझा करते हुए डिजिटल बदलाव, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास को तेज करने पर काम करेंगे।
समझौते के तहत स्टडी विजिट और लीडरशिप डेलिगेशन का आदान-प्रदान किया जाएगा। साथ ही ट्रेनिंग और कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम तैयार कर लागू किए जाएंगे, ताकि काम करने की क्षमता और स्किल दोनों मजबूत हो सकें। जरूरत पड़ने पर खास परियोजनाओं के लिए अलग से लिखित समझौते भी किए जाएंगे, जिनमें काम का दायरा, समयसीमा और वित्तीय व्यवस्था साफ तय होगी।
दो महीने के भीतर विस्तृत परियोजनाओं पर बातचीत शुरू करने और छह महीने में उन्हें अंतिम रूप देने की योजना है। इस साझेदारी से उत्तर प्रदेश को सिंगापुर के शहरी नियोजन, औद्योगिक क्लस्टर विकास, लॉजिस्टिक्स सिस्टम और डिजिटल गवर्नेंस के अनुभव का फायदा मिलेगा। इसे प्रदेश की वैश्विक भागीदारी बढ़ाने और लंबे विजन को जमीन पर उतारने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।






