लखनऊ, 12 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के छावनी क्षेत्र स्थित ‘स्मृतिका युद्ध स्मारक’ अब और भी आकर्षक व आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार देर शाम यहां अत्याधुनिक लेजर, लाइट और साउंड शो का उद्घाटन किया। करीब 30 मिनट का यह हिंदी मल्टीमीडिया शो भारतीय सेना की गौरवगाथा को तकनीक के शानदार समन्वय के साथ जीवंत करता है।
उन्नत प्रोजेक्शन, साउंड और लाइटिंग तकनीकों से तैयार इस प्रस्तुति में भारतीय सेना के इतिहास, उसके महत्वपूर्ण अभियानों और राष्ट्र-निर्माण में उसकी भूमिका को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया है। शो में 1947-48, 1962, 1965 और 1971 के युद्धों के साथ ‘ऑपरेशन मेघदूत’ और ‘ऑपरेशन विजय’ जैसी अहम सैन्य कार्रवाइयों को विशेष रूप से शामिल किया गया है।
इस प्रस्तुति की खास बात यह है कि इसमें सेना के मध्य कमान की ऐतिहासिक भूमिका को प्रमुखता से दिखाया गया है। साथ ही अवध क्षेत्र के ‘परमवीर चक्र’ विजेताओं की वीरता को भी भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया गया है जो क्षेत्र की समृद्ध सैन्य परंपरा को उजागर करता है।

शो में बदलती युद्ध रणनीतियों और उभरते खतरों के बीच भारतीय सेना के आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ते कदमों को भी दिखाया गया है। ‘आत्मनिर्भर भारत’ की अवधारणा के अनुरूप रक्षा क्षेत्र में हो रही प्रगति और प्रदेश के उभरते ‘डिफेंस कॉरिडोर’ को भी इसमें स्थान दिया गया है।
इस शो के आयोजन के लिए स्मारक परिसर में व्यापक स्तर पर अपग्रेडेशन किया गया है। अत्याधुनिक प्रोजेक्टर और स्पीकर लगाने के साथ-साथ युद्ध ट्रॉफियों और आधुनिक सैन्य उपकरणों को दर्शाते भित्ति चित्र लगाए गए हैं। एक आधुनिक एम्फीथिएटर और विशेष म्यूरल दीवारें भी तैयार की गई हैं जो शो को और जीवंत बनाती हैं।
1994 में स्थापित ‘स्मृतिका युद्ध स्मारक’ भारतीय सैनिकों के शौर्य और बलिदान का प्रतीक रहा है। अब यह नया लेजर-लाइट शो इसे एक नए आयाम पर ले जाएगा। प्रतिदिन शाम आयोजित होने वाला यह शो जल्द ही आम जनता के लिए खोला जाएगा। यह मनोरंजन का माध्यम बनने के साथ युवाओं को देशभक्ति और सैन्य विरासत से भी जोड़ने का सशक्त प्रयास साबित होगा।
READ MORE






