Uttar Pradesh

सपा का कुनबा बढ़ा, अखिलेश का भाजपा पर हमला… कट्टा वाले गाने पर एफआईआर व कार्रवाई की मांग

कांग्रेस के पूर्व नेता, पूर्व पुलिस अधिकारी समेत कई लोगों ने थामा सपा का दामन, पार्टी मुखिया ने भाजपा सरकार को महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा, शिवपाल बोले- सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए

लखनऊ, 7 मार्च 2026:

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी का कुनबा लगातार मजबूत होता दिखाई दे रहा है। शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में कांग्रेस के पूर्व नेता एवं संतकबीरनगर से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रोहित पांडेय, डीएनएनएस यादव और पूर्व पुलिस अधिकारी राजीव गुप्ता समेत कई लोगों ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। इस मौके पर सपा नेतृत्व ने भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले भी किए।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा लगातार समाजवादी पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सोशल मीडिया पर जारी ‘कट्टा वाला’ गाना सपा की छवि को बदनाम करने की साजिश है। अखिलेश ने कहा कि इस गाने के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। यदि इस मामले में कार्रवाई नहीं होती है तो इसके पीछे भाजपा का हाथ माना जाएगा। इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह गाना भी चलाया गया।

अखिलेश यादव ने कहा कि जिस सरकार ने प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, लोकभवन और रिवर फ्रंट जैसे बड़े विकास कार्य किए हों, क्या वह ‘सपाई गुंडों’ जैसा गाना बनवा सकती है। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक थर्मल पावर प्लांट स्थापित किए गए और बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ।

SP Expansion Akhilesh Yadav Criticizes BJP Actions (1)

महंगाई के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए अखिलेश ने कहा कि सरकार टैक्स बढ़ाकर लगातार लोगों पर बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर पर सीधे 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। एक बार महंगाई बढ़ने के बाद वह कम नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां आम जनता परेशान है और जब भाजपा सत्ता से जाएगी तभी महंगाई कम होगी।

सपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि भाजपा सनातन परंपरा को बदनाम कर रही है और शंकराचार्य जैसी संस्थाओं का भी अपमान किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत की विदेश नीति भारत के लोगों द्वारा तय होनी चाहिए और रूस जैसे पुराने मित्र देशों के साथ बेहतर आर्थिक संबंध बनाए जाने चाहिए।

इस मौके पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने भी भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। प्रदेश के बजट का बड़ा हिस्सा कमीशनखोरी में जा रहा है। शिवपाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2024 की तरह मेहनत कर भाजपा को सत्ता से हटाना होगा, क्योंकि माहौल अब सपा के पक्ष में बन रहा है।

सपा में शामिल हुए रोहित पांडेय ने कहा कि भाजपा देश को पीछे ले जा रही है, जबकि अखिलेश यादव का विकास का विजन स्पष्ट है। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में सपा ने यह धारणा तोड़ी है कि अगड़ा वोट केवल भाजपा के साथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button